कितु राजा के मोबाइल और पर अब तक बना है रहस्य
राजा रघुवंशी हत्याकांड के सभी आरोपियों का आज हो सकता है आमना-सामना
नेशनल डेस्क
नई दिल्ली। राजा रघुवंशी मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, लेकिन मुख्य आरोपी सोनम की खामोशी ने पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मेघालय पुलिस को अब भी कुछ अहम सवालों का जवाब नहीं मिल सका है, जो इस हत्याकांड में बड़े ब्रेकथ्रू की कुंजी बन सकते हैं। जैसे राजा के दोनों मोबाइल फोन कहां हैं और उसकी सोने की चेन और अंगूठी किसने गायब की?
इन सवालों पर सोनम चुप
राजा रघुवंशी मर्डर केस की जांच में जुटी पुलिस का दावा है कि सोनम पूछे गए सवालों का जवाब देने से बच रही है। सबसे अहम सवाल यही है कि हत्या के बाद राजा के दोनों मोबाइल फोन आखिर कहां फेंके गए? मौके पर मोबाइल स्क्रीन के अवशेष जरूर मिले हैं, लेकिन मोबाइल डिवाइस अब तक बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फोन में मौजूद चैटिंग डेटा से केस में बड़ा खुलासा हो सकता है, लेकिन सोनम इस सवाल पर चुप है। इस चुप्पी ने ही जांच को गहरे संदेह के घेरे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें: मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में नहीं पढ़ाए जाएंगे विदेशी आक्रांता
लापता गहनों पर भी नहीं तोड़ी चुप्पी
मेघालय पुलिस ने जब सोनम से राजा की सोने की चेन और अंगूठी के बारे में पूछा, तो वह इस पर भी खामोश रही। राजा की मां उमा देवी के अनुसार, गुवाहाटी रवाना होने से पहले सोनम के कहने पर ही राजा ने चेन और अंगूठी पहनी थी। लेकिन जब खाई से उसका शव मिला, तो दोनों गायब थे।
राजा रघुवंशी मर्डर केस में इन गहनों का न मिलना, एक और ऐसा रहस्य है, जो सोनम के व्यवहार को और अधिक संदेहास्पद बनाता है। पुलिस का मानना है कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि पहले से रचा गया प्लान हो सकता है।
मोबाइल लोकेशन से बढ़ी उम्मीदें
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मर्डर वाले दिन और समय पर सोनम और राजा दोनों के मोबाइल लोकेशन एक ही जगह ट्रेस हुए। इसके बाद अचानक मोबाइल फोन बंद हो गए। यही कारण है कि पुलिस को पूरा विश्वास है कि मोबाइल फोन उसी खाई में फेंके गए, जहां राजा की हत्या हुई। राजा रघुवंशी मर्डर केस में मोबाइल की बरामदगी जांच का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है, क्योंकि उनसे मिल सकते हैं चैटिंग के ऐसे सबूत, जो साजिश की तह तक पहुंचा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: उज्जैन में राजा रघुवंशी का पिंडदान

मास्टरमाइंड कौन? राज कुशवाहा या कोई और?
पुलिस का यह भी कहना है कि सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड हो सकता है। हालांकि, राज ने यह तो कबूल किया है कि वह हत्या में शामिल था, लेकिन अब तक उसने यह नहीं बताया कि मर्डर के बाद उनका अगला कदम क्या था।
राजा रघुवंशी मर्डर केस को लेकर पुलिस यह मान रही है कि अभी भी कुछ चेहरे ऐसे हैं, जो इस पूरे प्लान के पीछे छुपे हो सकते हैं। सोनम से पूछताछ की लंबी लिस्ट तैयार की गई है, लेकिन अब तक जवाब अधूरे हैं।
सोनम को कोई अफसोस नहीं
एक ओर जहां राजा की हत्या से उसके परिवार में मातम पसरा है, वहीं आरोपी सोनम पर कोई पछतावा नजर नहीं आ रहा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसे अपने किए पर रत्तीभर भी शर्म नहीं है। अधिकारियों ने यह भी दावा किया है कि 90 दिनों के भीतर आरोपपत्र अदालत में पेश कर दिया जाएगा। मेघालय पुलिस की मानें तो राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब तक मिले साक्ष्यों को जल्द वेरिफाई कर लिया जाएगा और केस को जल्द कोर्ट तक पहुंचाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ईरान पर हमला! सेना प्रमुख और परमाणु वैज्ञानिक की मौत