Sunday, May 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सादगी से मनाई मोहम्मद साहब की जयंती, भाईचारे...

UP News : सादगी से मनाई मोहम्मद साहब की जयंती, भाईचारे का दिया पैगाम

– इस्लामी झंडा लेकर पैगंबर मोहम्मद के प्रति समर्पित दिखे बच्चे 
– गरीबों को दिया दान, पढ़ी तकरीरें, अमन चैन के साथ कोरोना से मुक्ति की मांगी दुआ – लोगों ने घर पर ही रहकर ईद-ए-मिलाद पर की इबादत 
मीरजापुर (हि.स.)। सांप्रदायिक सौहार्द का शहर है मीरजापुर। यहां लोगों की रगों में सौहार्द धड़कता है। इसकी मिसाल एक बार फिर जनपदवासियों ने पेश की। शुक्रवार को बारावफात (ईद-मिलादुन्नबी) पर्व जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर लोगों ने बेहद सादगी के साथ भाईचारे का पैगाम दिया। हालांकि कोरोना महामारी के चलते इस बार जुलूस नहीं निकाला गया लेकिन ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर घरों और मस्जिदों को रंग-बिरंगी रोशनी से जरूर सजाया गया था। वहीं जरूरतमंदों व गरीबों को खैरात बांटा गया और तकरीरें पढ़ी गई। साथ ही देश में अमनचैन के साथ कोरोना से मुक्ति की दुआ की गई। 
ईद-उल-मिलादुन्नबी (बारावफात) पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में पखवारे भर से तैयारी चल रही थी। इस दिन को कौमी लोग हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के रूप में मनाते हैं। इस दिन बच्चे भी इस्लामी झंडा लेकर पैगंबर मोहम्मद के प्रति समर्पित दिखे। लोगों ने घर पर ही रहकर ईद-ए-मिलाद पर इबादत की। मुस्लिम समाज ने पैगंबर साहब का जन्मदिन घरों में ही रहकर मनाया। जन्मदिन की खुशी पर शहर के विभिन्न मोहल्लों को लाइटों, गुब्बारों, हरे झंडों और बैनर-होर्डिंग्स से सजाया गया था। लोगों ने घरों को सतरंगी रोशनी से सजाकर झंडे लगाए थे। तरकापुर, वासलीगंज, भटवा की पोखरी, मकरी खोह, इमामबाड़ा सहित कई इलाकों में सजावट की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल व पुलिस अधीक्षक ने इमामबाड़ा पहुंचकर जायजा लिया। वहीं अन्य स्थानों पर भी पुलिसकर्मी चक्रमण करते रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular