UP News : चित्रकूट स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम के अनुष्ठान में पहुंचने वाले योगी पहले मुख्यमंत्री

-शंखनाद, घंटे,घड़ियाल के बीच श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा आकाश

-योगी की मौजूदगी में जयंती से पहले उत्सवमय हुआ वाल्मीकि आश्रम का माहौल
-आश्रम में योगी ने की पूजा, हवन व आरती, अखण्ड रामायण का किया शुभारंभ
-चित्रकूट को विश्वस्तरीय तीर्थ स्थल के रूप में विकसित को जनप्रतिनिधियों से की चर्चा

चित्रकूट (हि.स.)।   जय श्रीराम..,जय जय सीता राम.., जय महर्षि वाल्मीकि.., के जय घोष और जबरदस्त शंखनाद व घंटे घड़ियाल की गूंज के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली शुक्रवार को जैसे आकाश में उत्सव मना रही थी। महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाने देश भर से जुटे साधु संत हों या फिर हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़, सभी की जुबां पर भगवान राम और माता सीता के साथ महर्षि वाल्मीकि का नाम था। केसरिया रंग में सराबोर वाल्मीकि पर्वत पर आज का दिन कुछ खास था। पहली बार प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री को अपने बीच पा कर साधु, संत और आश्रम के बटुक सभी के मन अह्लादित थे। 
अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के शिलान्यास के बाद अब उनकी तपोस्थली चित्रकूट के प्रभुत्व संवरने की उम्मीद भी मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में ताजा हो गई है। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी अन्य साधु संतों के साथ आश्रम में आयोजित अनुष्ठान, पूजन, हवन, आरती और अखण्ड रामायण के पाठ में शामिल हुए। योगी बतौर मुख्यमंत्री चित्रकूट में पहली बार किसी विशुद्ध धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।
 देश के तमाम हिस्सों से महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाने चित्रकूट पहुंचे साधु संतों के साथ ही हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ ने मुख्यमंत्री योगी का जबरदस्त स्वागत कर उनके चित्रकूट पहुंचने का आभार जताया। 
मुख्यमंत्री योगी आज करीब ढाई बजे लालापुर के महर्षि वाल्मीकि पर्वत स्थित वाल्मीकि आश्रम पहुंचे। इससे पहले, करीब दो बजे चित्रकूट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीपैड से सीधे असावर माता के मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री वहां करीब 10 मिनट तक रुके और असावर देवी की पूजा व अर्चना की।
असावर देवी मंदिर से निकल कर मुख्यमंत्री योगी पर्वत के शिखर पर स्थति महर्षि वाल्मीकि के आश्रम पहुंचे। 31 अक्तूबर को महर्षि वाल्मीकि की जयंती है। मुख्यमंत्री ने आश्रम में महर्षि वाल्मीकि की पूजा, गोरक्षा हवन और आरती करने के साथ अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ भी किया। करीब एक घंटे तक आश्रम में रुकने के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने आश्रम की देख रेख की जानकारी लेने के साथ ही चित्रकूट को विश्व स्तर के तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने और आवश्यक सुविधाओं पर साधु संतों स्थानीय जन प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने असावर माता मंदिर के सामने सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। 
 

error: Content is protected !!