5 सदस्यीय गिरोह की तीन वारदातों समेत कई चोरियों का खुलासा, 8 बैटरियां और 3 मोटरसाइकिल बरामद
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उमरीबेगमगंज पुलिस ने सोमवार को Mobile Tower Battery चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ लिथियम बैटरियां, तीन मोटरसाइकिल, पांच हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। बरामद बैटरियों की अनुमानित कीमत 7.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पांच सदस्यीय गिरोह बनाकर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में उन्होंने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी के अलावा मोबाइल छिनैती और एक महाविद्यालय से इन्वर्टर-बैटरी चोरी करने की घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।
SP के अनुसार, उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर बनुआ में स्थापित इंडस टावर से 11 और 12 अक्तूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने बैटरी कैबिनेट का ताला काटकर 100 एएच क्षमता की अमरान कंपनी की आठ लिथियम बैटरियां चोरी कर ली थीं। घटना के संबंध में निशा सुरक्षा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के जिला सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसके आधार पर उमरीबेगमगंज थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
SP के मुताबिक, एक नवंबर को थानाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और वांछित आरोपियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टावर से बैटरी चोरी की घटना में शामिल कुछ लोग पसका की तरफ से बनुवा बांध होते हुए बरौली मार्ग की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने बनुवा से बरौली मार्ग स्थित मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के धुंधेपुर गांव निवासी उत्कर्ष सिंह और अमित सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक लिथियम बैटरी और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने ग्राम मंगुरा बाजार में सावन सिंह के खेत के पास झाड़ियों में अन्य चोरी की बैटरियां और मोटरसाइकिल छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर छापा मारा तो वहां से सात अन्य लिथियम बैटरियां और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। मौके से सावन सिंह उर्फ शिवा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सभी आठ बैटरियां और तीन मोटरसाइकिल बरामद कर लीं।
डिग्गी से मिले चोरी के उपकरण
SP के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी लेने पर चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी मिले। इनमें एक नीले रंग का कटर, एक हरे रंग का कटर, तीन रिंच, एक लाल रंग का पेचकस और एक नीले रंग का प्लास शामिल है। इसके अलावा पांच हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया।
पूछताछ में पांच सदस्यीय गिरोह का खुलासा
SP के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कुल पांच लोग मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 11 और 12 अक्तूबर की रात ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित वोडाफोन-एयरटेल के इंडस टावर से आठ लिथियम बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने 21 और 22 सितंबर की रात ग्राम लक्ष्मनपुरवा स्थित टावर से तीन लिथियम बैटरियां चोरी करने की घटना में भी शामिल होने की बात बताई।
इसके अलावा उन्होंने 29 और 30 सितंबर की रात परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित इंडस टावर से छह लिथियम बैटरियां चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इस तरह पुलिस की पूछताछ में जिले के अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है। Mobile Tower Battery Theft की इन घटनाओं में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता भी बताई है।
महाविद्यालय में चोरी की बात भी स्वीकार की
पूछताछ में आरोपियों ने परसपुर थाना क्षेत्र के मोहना पांडेय पुरवा के पास मोबाइल फोन छीनने की घटना में शामिल होने की बात भी बताई। उनके मुताबिक, 29 सितंबर की शाम उन्होंने एक सैमसंग ए-17 फाइव-जी मोबाइल फोन छीना था। पकड़े जाने के डर से उन्होंने मोबाइल फोन तोड़कर किसी अज्ञात स्थान पर फेंक दिया था।
आरोपियों ने तीन जून 2026 की रात नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बाबा गयादीन वैद्य बाबूराम महाविद्यालय से एक इन्वर्टर और बैटरी चोरी करने की बात भी स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए इन्वर्टर और बैटरी को करीब एक सप्ताह पहले एक अज्ञात कबाड़ी को छह हजार रुपये में बेच दिया था। इससे मिली धनराशि को आपस में दो-दो हजार रुपये के हिसाब से बांट लिया था।
तीनों आरोपी धुंधेपुर गांव के निवासी
SP के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्कर्ष सिंह पुत्र उमाशंकर सिंह, अमित सिंह पुत्र स्वर्गीय नेपाल सिंह और सावन सिंह उर्फ शिवा पुत्र शिवशंकर सिंह के रूप में हुई है। तीनों उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धुंधेपुर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से उमरीबेगमगंज थाने के मुकदमा अपराध संख्या 276/2026, परसपुर थाने के मुकदमा अपराध संख्या 442/2026, 397/2026 और 452/2026 तथा नवाबगंज थाने के मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 से संबंधित घटनाओं का अनावरण हुआ है। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिलेख तिवारी, मुख्य आरक्षी विनय कुमार यादव तथा आरक्षी अभय सिंह, कन्हैया यादव और सुधीर कुमार शामिल रहे।
यह भी पढें: Gonda News: योगी का सपा पर तीखा हमला, बताया प्रदेश के लिए श्राप
नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com या हमारे Whatsapp चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।
हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल अद्वैत, सम्पादक- हिंदुस्तान डेली न्यूज मोबाइल +91 8619730058
