डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने फातिमा स्कूल में किया समारोह का शुभारंभ
विद्यार्थियों ने पीटी डिस्प्ले, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आगंतुकों का मोहा मन
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। फातिमा स्कूल में बुधवार को वार्षिक खेल दिवस समारोह एवं पीटी डिस्प्ले ‘वेलोक्सिया’ का आयोजन किया गया। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने का साहस विकसित होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। डीआईजी ने कहा कि इन नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ कभी-कभी बच्चा बन जाना हम सभी को ऊर्जा से भर देता है। विद्यालय की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी शिक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने और संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीआईजी ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक एवं सर्वांगीण विकास को महत्व देने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने मेडल और प्रमाणपत्र देकर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। अतिथियों ने फातिमा स्कूल की एक पुस्तिका का विमोचन भी किया।



एनसीसी के बच्चों ने दी मुख्य अतिथि को सलामी
फातिमा स्कूल परिसर में पहुंचने पर डीआईजी को एनसीसी के बच्चों ने सलामी दी। उन्होंने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर समारोह का उद्घाटन किया। खुले वाहन पर सवार होकर डीआईजी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद विभिन्न हाउस के प्लाटून कमांडरों ने अपने ध्वज के साथ मुख्य अतिथि के समक्ष मार्च पास्ट करते हुए सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत मशाल रिले से हुई। इस मौके पर देश के बहादुर सैनिकों, वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष यात्रियों और खिलाड़ियों पर आधारित भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी। परेड में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक एकजुटता देखते ही बन रही थी।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भव्य पीटी डिस्प्ले रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और तालमेल के साथ सामूहिक व्यायाम, शारीरिक गतिविधियों एवं विभिन्न आकर्षक ड्रिल का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की लयबद्ध प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रत्येक प्रस्तुति में अनुशासन, एकाग्रता, शारीरिक दक्षता और टीम भावना की सुंदर झलक दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वार्षिक खेल दिवस समारोह का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ किया गया। फातिमा स्कूल का प्रांगण विद्यार्थियों की ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर आयोजित विविध खेल प्रतियोगिताओं एवं आकर्षक पीटी डिस्प्ले ने समारोह को विशेष रूप से यादगार बना दिया।



शानदार प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने मोहा मन
फातिमा स्कूल के विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने अनेक खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। दौड़, रिले रेस एवं अन्य खेल गतिविधियों में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिताओं को रोमांचक बना दिया। फेरी रेस में आन्या गोयल ने प्रथम, वामिका राजपूत ने द्वितीय और आर्यमा पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रिले रेस में नर्सरी स्मार्ट ने प्रथम, नर्सरी ब्राइट ने द्वितीय और नर्सरी क्लेवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा एक के बच्चों ने चटक-मटक अंब्रेला ड्रिल प्रस्तुत की। एलकेजी के बच्चों ने जंगल सफारी, यूकेजी के बच्चों ने नन्ही छड़ी का जादू और कक्षा दो के नन्हे-मुन्नों ने वाकांडा वाइब्स एफ्रो डांस की शानदार प्रस्तुति दी। कक्षा तीन के बच्चों ने ओरिएंटल फ्यूजन, कक्षा चार के बच्चों ने फ्रिल ड्रिल और कक्षा पांच के बच्चों ने फिटनेस फिएस्टा प्रस्तुत किया। कक्षा छह के बच्चों ने पंजाब दी शान, कक्षा सात के बच्चों ने ताइक्वांडो का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा आठ के बच्चों ने फ्लटरिंग फैंटेसी तथा कक्षा छह से 12 तक के बच्चों ने साइकिल पिरामिड की शानदार प्रस्तुति दी।



छह प्लाटूनों ने किया शानदार मार्च पास्ट
समारोह में छह प्लाटूनों ने अनुशासित एवं शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। सभी प्लाटूनों का नेतृत्व उनके प्लाटून कमांडरों ने किया। प्लाटून संख्या एक जूनियर फिजिकल एजुकेशन गर्ल्स का नेतृत्व प्लाटून कमांडर भाव्या चतुर्वेदी ने किया तथा ध्वजवाहक की भूमिका स्वस्तिका द्विवेदी ने निभाई। प्लाटून संख्या दो जूनियर फिजिकल एजुकेशन बॉयज का नेतृत्व दीप्तिमान ने किया। इसके ध्वजवाहक ओम सोनी थे। प्लाटून संख्या तीन सीनियर गर्ल्स (फातिमा स्कूल) का नेतृत्व अभिश्री शुक्ला ने किया। ध्वजवाहक की भूमिका माही ने निभाई। प्लाटून संख्या चार सीनियर बॉयज (फातिमा स्कूल) के कमांडर भव्य उपाध्याय थे। ध्वजवाहक की भूमिका कार्तिक शुक्ल ने निभाई। प्लाटून संख्या पांच सीनियर फिजिकल एजुकेशन गर्ल्स का नेतृत्व कमांडर आशी ने किया तथा ध्वजवाहक की भूमिका उजमा ने निभाई। प्लाटून संख्या छह सीनियर बॉयज का नेतृत्व कमांडर अरहान हाशमी ने किया तथा ध्वजवाहक की भूमिका शौर्य प्रताप सिंह ने निभाई। मुख्य परेड कमांडर हेड ब्वाय कृष्णा पांडेय रहे।



फादर अरुण मोरस ने आगंतुकों के प्रति जताया आभार
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर अरुण मोरस ने डीआईजी समेत विकर जनरल, कैथोलिक डायसिस लखनऊ के फादर फ्रांसिस डिसूजा और अन्य सम्मानित अतिथियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कठिन परिश्रम कर पूरे समारोह को भव्यता प्रदान करने वाले सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्वयंसेवकों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासक सिस्टर उदया सहित पूरा फातिमा परिवार और अभिभावक उपस्थित रहे।



यह भी पढें: Gonda News: योगी का सपा पर तीखा हमला, बताया प्रदेश के लिए श्राप
नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com या हमारे Whatsapp चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।
हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल अद्वैत, सम्पादक- हिंदुस्तान डेली न्यूज मोबाइल +91 8619730058
