Monday, November 2, 2026
HomeEditor PickGonda News: योगी का सपा पर तीखा हमला, बताया प्रदेश के लिए...

Gonda News: योगी का सपा पर तीखा हमला, बताया प्रदेश के लिए श्राप

दंगे-कर्फ्यू के पुराने दौर को याद कर पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौरा व मनकापुर विधानसभाओं को दी 521 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उसे उत्तर प्रदेश के लिए श्राप बताया। उन्होंने कहा कि सपा जब-जब सत्ता में आई, प्रदेश में तबाही लेकर आई। पहले उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी। त्योहारों से पहले ही लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगती थी, लेकिन अब प्रदेश दंगे और कर्फ्यू से मुक्त है। मुख्यमंत्री सोमवार को छपिया विकासखंड के तेजपुर स्थित सिंगारघाट में गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 521 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दो नवंबर 1990 को अयोध्या में रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का उल्लेख करते हुए तत्कालीन सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उस दिन अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं, जबकि आज भाजपा सरकार में रामभक्तों पर फूलों की वर्षा की जा रही है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले दुर्गा पूजा के पंडाल लगाने और धार्मिक आयोजनों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे। देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा की अनुमति तक नहीं मिलती थी। कांवड़ यात्रा रोकने की भी कोशिश होती थी। अब नवरात्र और कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।

गरीबों और युवाओं की अनदेखी का लगाया आरोप
योगी ने सपा सरकार पर गरीबों के हितों की अनदेखी करने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय गरीबों के बच्चों की जान की कोई कीमत नहीं थी। गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौत के मामले सामने आते थे। स्वास्थ्य विभाग से जानकारी लेने पर भी बीमारी का पता नहीं चल पाता था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौर में गरीबों के हक पर डाका डाला जाता था और युवाओं के रोजगार के अवसरों के साथ खिलवाड़ होता था।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि उस समय गोंडा की गिनती देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी। उन्होंने पिछली सरकार के दौरान हुए खाद्यान्न घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। इसके विपरीत मौजूदा सरकार में राशन, रसोई गैस और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। ळवदकं छमूे के इस कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को पिछली सरकारों से अलग बताते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

यह भी पढें: CM का गोंडा दौराः मिलेगा 520 करोड़ की 69 परियोजनाओं का सौगात

कानून-व्यवस्था और निवेश को बताया विकास का आधार
योगी ने कहा कि पहले दंगा करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। गोंडा में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले गोंडा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना सपना हुआ करता था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है।
सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलें और उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार को आस्था का सम्मान करने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाली सरकार बताया। वहीं, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों का मतलब अपराध और बदमाशों को संरक्षण देना है। उन्होंने लोगों से दीपावली पर गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां साझा करने की अपील की।

हेलीकॉप्टर से पहुंचे मुख्यमंत्री, हुआ स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंच पर पहुंचने पर जय श्रीराम के नारों और शंखनाद के साथ उनका अभिनंदन किया गया। विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। गौरा विधायक प्रभात वर्मा ने उन्हें गणपति की प्रतिमा भेंट की। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को त्रिशूल भेंट किया।
कार्यक्रम स्थल पर वन, गन्ना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, पंचायती राज और बेसिक शिक्षा समेत करीब दो दर्जन विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी ली। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया। बच्चे को गोद में लेकर दुलार भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए।

गोंडा की पहचान और विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने गोंडा की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह धरती है, जहां गोस्वामी तुलसीदास ने अपने गुरु के मुख से रामकथा सुनी थी और उन्हें रामायण लिखने की प्रेरणा मिली थी। उन्होंने घनश्याम नामक युवक का जिक्र करते हुए कहा कि वही आगे चलकर भगवान स्वामीनारायण के रूप में दुनिया भर में विख्यात हुए। योगी ने कहा कि जिस धरती ने दुनिया को रोशनी दिखाई, वह खुद अंधेरे में रह गई थी। उन्होंने गोंडा में हुए खाद्यान्न घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में जिले को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से सैकड़ों करोड़ की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। अब पराली और बायोगैस से भी किसानों को आमदनी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने जा रहे हैं। अब गरीब को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ता। आयुष्मान कार्ड के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से भी उपचार के लिए सहायता दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश को बीमारू राज्य की स्थिति से बाहर निकाला गया है।

यह भी पढें: Ayodhya : CM Yogi ने लिया दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा

युवाओं को नौकरी और अग्निवीरों को आरक्षण का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था, जबकि उनकी सरकार ने ईमानदारी से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। अब सांसद और विधायक अपने क्षेत्रों में युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले गोंडा को बदनाम कर दिया गया था, जिससे यहां के युवाओं को नौकरी मिलने में दिक्कत होती थी। योगी ने कहा कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरी जगह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों का पैसा कब्रिस्तान और गरीबों की जमीन पर कब्जा करने के लिए खर्च किया जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव से उन्होंने कहा था कि गिनती आती है तो गिन लें, अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे। अब तक 12 से 15 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। साढ़े चार हजार उपनिरीक्षकों, 45 हजार पुलिस कांस्टेबलों और 42 हजार होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शिक्षकों के साथ अन्य विभागों में भी भर्ती की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भी भर्तियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों से कहा जाता है कि पदक लाओ और पद पाओ। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है। चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सरकार ने रोजगार के लिए अनेक रास्ते खोले हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने गोंडवासियों को बधाई देते हुए जय हिंद और जय-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद एवं विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने अवधी में संबोधन किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में सड़क, बिजली, मेडिकल कॉलेज और पुल जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
गौरा के विधायक प्रभात वर्मा और मनकापुर के विधायक रमापति शास्त्री ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। Gonda News के इस कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लेकर भी चर्चा रही।
इस अवसर पर तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

यह भी पढें: UP के 15 करोड़ लोगों को Yogi सरकार का बड़ा तोहफा

नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com या हमारे Whatsapp चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।

हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल अद्वैत, सम्पादक- हिंदुस्तान डेली न्यूज मोबाइल +91 8619730058

Gonda News: योगी का सपा पर तीखा हमला, बताया प्रदेश के लिए श्राप
RELATED ARTICLES

Most Popular