Friday, April 24, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News: ‘गूगल बाबा’ बताएंगे, जिले में कहां है रैन बसेरा?

Gonda News: ‘गूगल बाबा’ बताएंगे, जिले में कहां है रैन बसेरा?

डीएम के निर्देश पर सभी रैन बसेरों की कराई गई जिओ टैगिंग

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले में रैन बसेरों तक जरूरत मंद व्यक्तियों की पहुंच सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभिनव पहल की है। जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल के निर्देश पर संभावित ठण्ड से बचाव के दृष्टिगत जिले में 11 रैन बसेरों को सक्रिय कर दिया गया हैं। इसके साथ ही सभी रैन बसेरों की जिओ टैगिंग कराई गई है, जिससे कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति गूगल के सहयोग से रैन बसेरे तक आसानी से पहुंच सकता है। जिले में स्थापित किए गए रैन बसेरों में 01 जिला अस्पताल में, 01 महिला अस्पताल में, 02 कस्बा कर्नलगंज में, 01 कस्बा नवाबगंज में, 01 तहसील कर्नलगंज में, 01 मनकापुर में, 01 तरबगंज में, 01 नगर पंचायत खरगूपुर में, 01 रेलवे स्टेशन गोण्डा में, 01 रोडवेज बस स्टाप गोण्डा में तथा 01 रैन बसेरा गोण्डा शहर में आइटीआई चौराहे के समीप स्थित डूडा द्वारा संचालित आश्रय गृह शामिल है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी दिनों में संभावित ठण्ड से बचाव के दृष्टिगत रैन बसेरों की स्थापना कराई गई है तथा रैन बसेरों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए प्रबन्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी तहसीलों के प्रमुख स्थलों को अभी चिन्हांकित कर लें ताकि सर्दी के समय रैन बसेरे के साथ ही अलाव आदि का प्रबन्ध समय से कराया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि रैन बसेरों में रूकने वाले कमजोर लोगों को ठण्ड से बचाने के लिए गद्दे, कम्बल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं किचन आदि की व्यवस्था कराई जाय। कोविड-19 के दृष्टिगत रैन बसेरों में सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन कराते हुए प्रत्येक दिन सैनेटाइज कराया जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर निकाय एवं जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये है कि ठण्ड एवं शीतलहरी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के दृष्टिगत जनपद में आश्रयहीन व्यक्तियों हेतु रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करायें ताकि कोई भी निराश्रित, असहाय एवं कमजोर वर्ग के व्यक्ति रात में सड़क अथवा फुटपाथ पर सोने के लिए बाध्य न हो।
जिलाधिकारी ने कहा है कि रैन बसेरों में रूकने वाले कमजोर वर्ग के लोगों को ठण्ड से बचाने के लिए आवश्यक गद्दे, कम्बल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं किचन आदि की व्यवस्था निःशुल्क कराना सुनिश्चित कराने के साथ रैन बसेरों के आस-पास अलाव जलाने की भी व्यवस्था करायें और रैन बसेरों में एक केयर टेकर तैनात किया जाये, जिसका नाम, पदनाम, मोबाइल नम्बर रैन बसेरा गेट पर जरूर लिखवाया जाय तथा नामित वरिष्ठ अधिकारी रात में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण करें। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला अस्पताल डा. एपी मिश्र ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित 06 बेड के रैन बसेरे को कोविड-19 के दृष्टिगत सैनीटाइज कराया गया है तथा स्वयं उनके द्वारा र्प्रतिदिन रैन बसेरे का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा रात्रि में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular