Saturday, June 13, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : प्रशासन ने बैरियर लगाकर रोका ढ़ेमवा घाट मार्ग पर आवागमन

Gonda : प्रशासन ने बैरियर लगाकर रोका ढ़ेमवा घाट मार्ग पर आवागमन

दो तहसीलों के 19 गांवों के 140 मजरों की 14 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। शारदा, गिरजा व सरयू बैराज से छोड़े गए विशाल जलराशि से घाघरा नदी मंगलवार को लाल निशान से 69 सेमी ऊपर प्रवाहित हो रही है। परिणाम स्वरूप जिले के 19 ग्राम पंचायतों के 140 मजरों की करीब 14 हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। इनमें तरबगंज तहसील की 18 तथा कर्नलगंज तहसील की एक ग्राम पंचायत शामिल है। जिले के नवाबगंज क्षेत्र में स्थित ढ़ेमवा घाट मार्ग पर पानी आ जाने के कारण प्रशासन ने वाहनों का आवागमन रोक दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, तरबगंज तहसील के माझा क्षेत्र में सरयू नदी में आई बाढ़ के कारण स्थिति गम्भीर हो गई है। सरयू नदी का पानी आसपास के कई गांवों तक फैल चुका है। सरयू के तटीय इलाके में बसे कई गांव टापू में तब्दील हो रहे हैं। नदी में उफान के कारण ढे़मवा घाट मार्ग पर कटान का संकट बढता जा रहा है। तुलसीपुर माझा से ढे़मवा घाट पुल तक सड़क के किनारे दोनों तरफ बाढ़ का पानी भर गया है। दत्तनगर गांव के पास चार स्थानों पर पानी का तेज बहाव सड़क पर हो रहा है। इन स्थानों पर नदी ने कटान भी शुरू कर दिया है। सड़क के किनारे बालू भरी बोरी व बोल्डर डालकर सड़क को बचाने का प्रयास जारी है। सड़क पर बने दो डिप पर पानी भर जाने के कारण प्रशासन ने सोमवार की शाम से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया है। नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गोंडा तथा अयोध्या जनपदों को जोड़ने वाले ढे़मवा घाट मार्ग पर दोनों जिलों की पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। क्षेत्र के साकीपुर, गोकुला, दत्तनगर और तुलसीपुर माझा गांवों में लोग बाढ़ को देखते हुए पलायन की तैयारी कर रहे है। कुछ परिवार ढेमवा घाट मार्ग पर अपने मवेशी और परिजनों के साथ डेरा डाल चुके हैं। माझा क्षेत्र के एक दर्जन प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। करीब दर्जन भर विद्यालयों के कमरों में बाढ़ का पानी भर गया है। इसके अलावा कई अन्य स्कूल भी बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। ऐसे में यहां पठन-पाठन प्रभावित हो गया है। प्रभावित होने वाले विद्यालयों में दत्तनगर, गोकुला, साकीपुर, मल्लाहन पुरवा, जैतपुर, माझाराठ आदि गांवों के स्कूल शामिल हैं। खंड शिक्षा अधिकारी चन्द्र भूषण पाण्डेय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित विद्यालय के शिक्षकों को बाढ़ क्षेत्र से बाहर समीपस्थ विद्यालयों में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इसी तहसील के उमरीबेगम गंज थाना क्षेत्र के 33 मजरों की करीब चार हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। तरबगंज के तहसीलदार पुष्कर मिश्र ने बताया कि ग्राम पंचायत गढ़ी के सात मजरों में 200, जबर नगर के चार मजरों में 35, परास पट्टी मझवार के 11 मजरों में 120, ऐली परसोली के 35 मजरों में 755, बहादुरपुर के 8 मजरों में 250 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। गढ़ी में 15, ऐली परसौली में 20 तथा बहादुर पुर में 215 लोगों को बाढ़ राहत किट प्रदान की जा चुकी है। इस बार शासन के निर्देश पर महिलाओं को ‘डिग्निटी किट’ भी प्रदान की जा रही है। जिले की कर्नलगंज तहसील के नकहरा ग्राम पंचायत के नौ मजरों सहित आसपास के इलाकों बेहटा, माझा रायपुर व नयपुरा तथा परसावल आदि गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि क्षेत्र की बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्र में राहत सहायता वितरित कराई जा रही है। इसके विपरीत बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि प्रशासन की तरफ से अब तक सिर्फ तिरपाल का प्रबन्ध किया गया है। भोजन आदि की व्यवस्था नहीं की गई है। इस बीच डीएम के निर्देश पर जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने तरबगंज के तहसीलदार पुष्कर मिश्र और कर्नलगंज के तहसीलदार नरसिंह नारायण वर्मा के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। नियंत्रण कक्ष प्रभारी के अनुसार, जिले के 19 ग्रामों के 140 मजरे बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। 14 हजार की आबादी के लिए 106 नावें और 24 मेडिकल टीमें लगाई गई है। सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। स्वास्थ्य व पशु विभाग की टीमें क्षेत्र में तैनात हैं। वाटर प्रूफ प्लास्टिक बैग में खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। डीएम तथा एडीएम बाढ़ क्षेत्र का जायजा लेने के लिए निकले हुए हैं।

यह भी पढें : ARP ने सहयोगी शिक्षक के साथ किया दुष्कर्म, जेवर लूटे, निलम्बित

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular