Sunday, June 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री के प्रयास से खत्म हुआ सहकारिता का भ्रष्टाचार : सूर्यप्रताप शाही

 मुख्यमंत्री के प्रयास से खत्म हुआ सहकारिता का भ्रष्टाचार : सूर्यप्रताप शाही

69वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह का हुआ समापन

लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सहकारिता निरन्तर ऊचाईयां छू रहा है। जनधन योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के खाते खोले गये हैं। योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थी के खाते में भेजा जा रहा है। सहकारिता विभाग को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अथक प्रयास से भ्रष्टाचार को खत्म किया है। यह बातें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही। वे 69वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के आखिरी दिन सहकारिता भवन के पीसीयू सभागार में बोल रहे थे।

कृषि मंत्री ने कहा कि को-आपरेटिव एवं उप्र ग्राम सहकारी बैंको द्वारा सरकार की विभिन्न योजनाओं के लिए सस्ते दर पर ऋण दिया जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि सहकारिता अब सक्षमता के साथ आगे की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रही है। कृषि अवस्थापना निधि (ए.आई.एफ.) सहकारी क्षेत्र को और अधिक मजबूती दे सकता है।

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि सहकारी सप्ताह के अवसर पर पिछले सात दिनों में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। नि:संदेह इसका लाभ सहकारिता क्षेत्र को आगे बढ़ाने में होगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश में वित्तीय समावेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन लोगों तक आसानी से तथा कम लागत के साथ वित्तीय सेवाओं को पहुंचाना है, जो अभी तक इससे अछूते हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन के असली कर्णधार हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

गोष्ठी में महाप्रबंधक नाबार्ड संजय कुमार बोरा ने कहा कि वित्तीय समावेशन में को-ओपरेटिव बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज को-ओपरेटिव बैंक की सेवायें गांव-गांव तक पहुंच रही है।

गोष्ठी को क्षेत्रीय निदेशक भारतीय रिजर्व बैंक डा0 बालू केनचप्पा, पूर्व मुख्य प्रबंधक नाबार्ड के.के. गुप्ता, सभापति एल.डी.बी. सन्तराज यादव, सभापति यू.पी.सी.बी. तेजवीर सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर उ0प्र0 ग्राम सहकारी बैंक के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र तथा कृषि अवस्थापना निधि (ए.आई.एफ.) के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular