Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहिला की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

महिला की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

मेरठ (हि.स.)। दौराला थाना क्षेत्र के मवीं मीरा गांव में मंगलवार को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मवीं मीरा गांव निवासी सोनी पुत्री सुभाष की शादी दस साल पहले मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी सतेंद्र के साथ हुई थी। सोनी की शादी बड़ी बहन अलका के देवर से हुई थी। बताया जाता है कि सोनी दो माह पहले पति सतेंद्र के साथ मवाना दवाई लेने गई थी। वहां से अपने पति को चकमा देकर सोनी खरदौनी गांव निवासी प्रेमी नाजिम के साथ फरार हो गई थी। इसके बाद सोनी को सिकंदराबाद से बरामद किया गया था और पति सतेंद्र ने पत्नी सोनी को ले जाने से इंकार कर दिया था। 20 दिन पहले ही सोनी की दूसरी शादी हुई थी। सोनी के पहले पति से दो बेटियां हैं।

सोनी के पिता सुभाष ने बताया कि 20 दिन पहले ही सोनी की दूसरी शादी चांद शमन गांव निवासी रविंद्र के साथ हुई थी। अभी सोनी अपने मायके आई थी। मंगलवार सुबह सोनी अपने भाई अनुज के मकान से अपने दूसरे मकान में पैदल जा रही थी। जैसे ही सोनी गांव में बड़े मंदिर के पास पहुंची तो बाइक सवार एक युवक ने सोनी पर गोलियां बरसा दी। दो गोली लगने से सोनी घायल हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। परिजनों ने घायल सोनी को मोदीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस को घटनास्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद हुए हैं। सुभाष की छह संतानों में सोनी तीसरे नंबर की बेटी थी।

दौराला थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रेम प्रसंग और पहली शादी को लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है।

डॉ. कुलदीप/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular