लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार ने चुनाव में मतदाताओं से बदलते भारत के लिए वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान हो इसके लिए हम सबको प्रयत्न करना चाहिए। हमारा रास्ता नफरत नहीं, मुहब्बत का है।
इन्द्रेश कुमार ने शुक्रवार को लखनऊ में ईसाई सम्मेलन में कहा कि संघ से नफरत करो भाजपा हराओ, अब तक यही बताया गया। सियासी नेता हमें आपस में लड़ाकर बांटकर खौफ पैदा करने का काम करते हैं। हमारी खुशहाली तरक्की से उनका लेनादेना नहीं। उनका मतलब केवल वोट हासिल करना होता है। इसलिए आकलन करके देखिए जिनको हमने दोस्त समझा उनसे क्या मिला। जिन्हें दुश्मन समझा उन्होंने नुकसान क्या किया। अटलजी भी प्रधानमंत्री रहे, नरेन्द्र मोदी भी सात साल से हैं। सरकारी योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं हुआ। देश के अंदर जाति, मजहब और पार्टी के आधार पर नहीं बल्कि एक हिन्दुस्तानी होने के नाते बिना भेदभाव के प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस सिलेंडर, आयुष्मान कार्ड और शौचालय यह सब चीजें मिलीं। इसलिए परिवर्तन के साथ एक नए हिन्दुस्तान की तैयारी हो रही है।
इन्द्रेश कुमार ने कहा कि पहले की सरकारों में योजनाएं जाति एवं मजहब को देखकर बनाई जाती थीं। आज उत्तर प्रदेश में मुस्लिम और ईसाई मिलाकर कुल 14 लोगों को दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया गया है। तस्वीर आपके सामने है, निर्णय आपको करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति, पंथ, मजहब एवं धर्म के हों, हम सब एक ईश्वर को मानने वाले, अलग-अलग पूजा पद्धति को मानने वाले लोग हैं। हम सबको जोड़ने वाली एक चीज है मातृभूमि। दुनिया में हम सबकी पहचान भारत से भारतीय और हिन्दुस्तान से हिन्दुस्तानी है। यह हम सब को जोड़ता है। हमारा वतन एक है इसलिए हम सब एक हैं। इस सत्य को कोई भुला नहीं सकता।
बृजनन्दन/पवन
