प्रतापगढ़ (हि.स.)। जिले में नगर पंचायत की 18 सीटों पर निर्वाचन होना है, जिसमें से 10 नगर पंचायतों में पहली बार अध्यक्ष और सभासद का निर्वाचन होगा। दस नगर पंचायतों का नया गठन किया गया है।
जनपद में नवसृजित 10 नगर पंचायतों में पहली बार अध्यक्ष व वार्ड सभासद चुने जाएंगे। इसे लेकर संभावित उम्मीदवारों के साथ निकायों के मतदाता भी खासे उत्साहित हैं। भले ही अभी चुनाव की तिथियां घोषित नहीं की गई हैं लेकिन संभावित उम्मीदवार वोटरों के घर जाकर उन्हें रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
जिले में एक नगर पालिका व 18 नगर पंचायतें हैं। निकाय चुनाव को लेकर 30 मार्च को शासन से अध्यक्ष पद के आरक्षण की संभावित सूची घोषित कर दी गई। इसके बाद से एक बार फिर निकाय चुनाव को लेकर जिले की सियासत गर्म हो गई है। नगर पालिका से लेकर नगर पंचायतों तक के संभावित उम्मीदवारों ने मोहल्लों की हलचल बढ़ा दी है। जिले की नवसृजित 10 नगर पंचायतों में इसका असर दिख रहा है।
इन नगर पंचायतों में पहली बार अध्यक्ष व वार्ड सभासदों का चुनाव होगा, ऐसे में यहां के दावेदार व वोटर दोनों खासे उत्साहित हैं। हालांकि ग्रामीण इलाके से पहली बार शहरी क्षेत्र में शामिल किए गए मतदाता विकास को लेकर उत्साहित हैं। ऐसे में अध्यक्ष सहित वार्ड सभासद पद के दावेदारों से उन्हें तमाम उम्मीदें भी हैं। फिलहाल यह दावेदार वोटरों के मानक पर कितने खरे उतरेंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
यह हैं नवसृजित नगर पंचायतें
जिले में बदले क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र (परिसीमन) के बाद 10 नई नगर पंचायतें बन गई हैं। इनमें कटरा गुलाब सिंह, मान्धाता, गड़वारा, ढकवा, रामगंज, कोहंडौर, पृथ्वीगंज, सुवंशा, हीरागंज, डेरवा हैं।
दीपेन्द्र
