UP News : सपा जिलाध्यक्ष को न्यायालय में पेश करने पहुंची पुलिस से अधिवक्ताओं ने धक्का मुक्की कर छुड़ाया

अधिवक्ताओं ने अपने चेम्बर से जमानत अर्जी दी

– महिलाओं ने गिरफ्तारी के विरोध में शमसाबाद थाना घेरा 
फर्रुखाबाद (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नदीम फारुखी को सोमवार को न्यायालय में पेश करने गई पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। अधिवक्ताओं ने सपा जिलाध्यक्ष को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने चेंबर में बैठा लिया। वहीं, दूसरी तरफ सपा जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में महिलाओं ने शमशाबाद थाने का घेराव कर लिया। 
सपा जिलाध्यक्ष के अधिवक्ता होने की वजह से अधिवक्ताओं ने दो टूक लहजे में कहा कि जिलाध्यक्ष को यहीं से न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिवक्ताओं के तेवर को देखकर कचहरी छावनी में तब्दील हो गई। वहीं दूसरी तरफ जिलाध्यक्ष की जमानत की अर्जी लोअर कोर्ट से खारिज कर दी गई। 
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नदीम फारुखी के विरुद्ध शमशाबाद के मोहल्ला कोर्ट की रहने वाली एक महिला ने उसके मकान पर कब्जा करने और असलहा लहराने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार को देर रात नदीम फारुखी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें मेरापुर थाने ले जाया गया। जहां से पुलिस आज सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश करने कचहरी फतेहगढ़ लाई। सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारुखी अधिवक्ता भी है। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने पुलिस से धक्का-मुक्की करके नदीम फारुखी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और उन्हें अपने चेंबर में जाकर बैठा ला।
सपा जिलाध्यक्ष को पुलिस से छुड़ाने की खबर पाकर देखते-देखते कचहरी छावनी में तब्दील हो गई। मौके पर आला अधिकारी पहुंच गए। लेकिन, अधिवक्ताओं ने सपा जिलाध्यक्ष को अपने चेंबर से बाहर नहीं जाने दिया। और चेंबर से ही अधिवक्ताओं ने लोअर कोर्ट में सपा जिलाध्यक्ष की जमानत की अर्जी दी। 
न्यायालय ने उनकी अर्जी को खारिज कर दिया। अब सेशन कोर्ट में अधिवक्ताओं ने सपा जिलाध्यक्ष की जमानत के लिए अर्जी दी है। वहीं दूसरी तरफ सपा जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी की खबर पाकर महिलाओं ने शमशाबाद थाने का घेराव कर लिया और वहां जमकर हंगामा किया। महिलाओं के आक्रोश को देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। फिलहाल समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष नदीम फारुखी अधिवक्ताओं के चेंबर में बैठे हुए हैं। जहां से अधिवक्ता सेशन कोर्ट से जमानत दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। कचहरी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 

error: Content is protected !!