UP News : शीत गृहों के बंद करने के आदेश के खिलाफ आलू किसानों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव

-30 नवंबर तक कोल्ड स्टोरों का संचालन रखें जारी,  पूर्व विधायक किसानों के समर्थन में आए 
आगरा (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा 31 अक्टूबर तक शीत गृहों के बंद करने के आदेश के विरोध में सैकड़ों आलू किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला अधिकारी पी एन सिंह को ज्ञापन देकर पूर्व की वर्षों की तरह 30 नवंबर तक शीत गृहों संचालन की मांग की। वहीं कई पूर्व विधायक किसानों के समर्थन में आए।
उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा प्रदेश में आलू की जमाखोरी पर अंकुश लगाने और जनता को महंगाई से निजात दिलाने के लिए शीतगृहों को 31 अक्टूबर तक खाली करने के आदेश दिए थे। लेकिन सरकार का यह आदेश किसानों को रास नहीं आ रहा है, जिसका एक बड़ा कारण अभी पूरे क्षेत्र में आलू की बुवाई का ना होना है| इसके अलावा नियमों के अनुसार शीत गृहों के स्वामी किसानों से 30 नवंबर तक का किराया लेते है और शीत ग्रह भी 30 नवंबर को चलाए जाते हैं। 
आलू किसान प्रकाश सिंह जूरैल का कहना है कि अभी बहुत बड़ी संख्या में किसानों ने आलू की बुवाई नहीं की है। सरकार और प्रशासन ने 31 अक्टूबर तक ही कोल्ड स्टोरों को बंद करने का आदेश दे दिया है। अभी लगभग पूरे नवंबर माह में किसान आलू की बुवाई करेंगे। ऐसे में आलू का बीज कोल्ड स्टोर में से निकाल दिया जाए तो वह खराब हो जाएगा, फिर किसान किस तरह आलू बो पाएंगे। दफ्तरों में बैठकर फैसला लेना किसानों के साथ साथ आम जनता के लिए भी दुखदाई साबित होगा| इसके साथ ही हम सरकार से मांग करते हैं कि पूर्व की भांति 30 नवंबर तक कोल्ड स्टोरों का संचालन जारी रखा जाए। अन्यथा की स्थिति में किसान सड़कों पर होंगे।   
पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि पिछले लगभग चार-पांच वर्षो बाद आलू किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं| लेकिन सरकार किसानों के साथ द्वेष भावना से कार्य कर रही है| आलम यह है कि एक माह पहले ही 31 अक्टूबर को कोल्ड स्टोरों को बंद करने का आदेश दे दिया है। जिसका परिणाम है कि प्रशासन के डर के कारण व्यापारी कोल्ड स्टोर में किसानों के आलू खरीदने के लिए नहीं पहुँच रहे हैं| किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हमने आज जिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर मांग की है कि 30 नवंबर तक शीत ग्रहों का संचालन जारी रखें और इसके साथ साथ किसानों के आलू को छेड़ा न जाए। 
इस दौरान किसान कर्मवीर जूरैल, संजीव कुमार, भूपेंद्र सिंह, राधेश्याम, विक्रम सिंह आदि किसानों के साथ पूर्व विधायक ठाकुर सूरजपाल सिंह, डॉ. धर्मपाल सिंह व अन्य मौजूद रहे।

error: Content is protected !!