UP News : विकास दुबे के भाई पर कसा प्रशासन का शिकंजा

बिकरू गांव के 10 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निलम्बित

प्रादेशिक डेस्क

कानपुर। जिलाधिकारी न्यायालय ने विकास दुबे के भाई समेत बिकरू के 10 असलहा लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। 20 जुलाई तक संतोषजनक जवाब न देने पर लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है। बिकरू गांव में कुल 14 लोगों के पास असलहा लाइसेंस हैं। दो जुलाई की घटना के बाद सभी की छानबीन चल रही है। पुलिस ने विकास दुबे के भाई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत 10 लोगों के लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम कोर्ट को भेजी दी है। जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि कोर्ट की प्रक्रिया चल रही है।
विकास दुबे का दाहिनी हाथ रहे बिकरू कोटेदार दयाशंकर उर्फ कल्लू समेत तीन लोगों के असलहा लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट अब तक पुलिस ने डीएम कोर्ट को नहीं भेजी है। प्रधान व विकास दुबे के भाई की पत्नी अंजलि दुबे की रिपोर्ट आ गई है। उनका लाइसेंस भी निलंबित करके नोटिस दिया जाएगा। विकास दुबे को कलेक्ट्रेट से भी मदद मिल रही थी। 2004 में उसकी राइफल का लाइसेंस निरस्त कर रिपोर्ट थाने भेजी गई लेकिन असलहा उसके पास ही रहा। बड़ा सवाल यह है कि उसकी फाइल दबाने में मदद की थी। एसआईटी इस बिन्दु पर भी जांच करेगी। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि 2004 के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट थाने के रजिस्टर में दर्ज नहीं पाई गई। उस समय के डिस्पैच और रिसीविंग रजिस्टर के मिलान के बाद स्थिति साफ हो सकती है।

error: Content is protected !!