बागपत (हि.स.)। कोतवाली बड़ौत क्षेत्र में बुधवार को यात्रियों से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिर गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई और दस यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बड़ौत से बुधवार को यात्रियों से भरी पिकअप गाड़ी बुढेड़ा गांव की ओर जा रही थी। अचानक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिर गई। इससे पिकअप में बैठे बच्चे, महिला और पुरुष यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह शोर सुनकर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान फिरदौस, उसकी बेटी परी, नगमा निवासी बसी, जुबैदा, गुलफाम, यासमीन, अमित, रामपाल निवासी औसिक्का, शौफिया निवासी दौझा समेत 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को शहर के कई अस्पतालों में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने फिरदौस को मृत घोषित कर दिया। सीओ बड़ौत आलोक सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि कई लोगों को मामूली चोट आई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
