Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रतापगढ़ : जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत, थानाध्यक्ष निलंबित

प्रतापगढ़ : जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत, थानाध्यक्ष निलंबित

– दो की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए अस्पताल में कराये गए भर्ती 

प्रतापगढ़ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद प्रतापगढ़ में उदयपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, लापरवाही बरतने पर एएसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। 
उदयपुर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव के रहने वाले रामखिलवान के बेटे दिलीप (48) व प्रदीप (35) ने अपने मामा सिद्धनाथ निवासी राकी उदयपुर के साथ मंगलवार को शराब पी थी। रात्रि करीब एक बजे प्रदीप को उल्टी व पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन सीएचसी सांगीपुर ले गए। डॉक्टरों ने गम्भीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई, जबकि दिलीप कुमार ने रायबरेली अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भांजों की मौत के बाद मामा सिद्धनाथ (60) को अठेहा बाजार में एक दुकान के पास बाजारवासियों ने मृत पाया। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। 
इसी तरह गिरजा का पुरवा आहर बीहर निवासी 35 वर्षीय राजकुमार प्रजापति की मंगलवार की शाम को शराब पीने से हालत खराब हो गई थी। उसे परिजनों ने संयुक्त जिला अस्पताल असैदापुर गौरीगंज अमेठी में भर्ती कराया था, जहां उसकी भी मौत हो गई है। इसी गांव के रहने वाले 55 वर्षीय किसुन सरोज की भी मौत शराब पीने से हुई है। जबकि कटरिया निवासी धर्मेन्द्र सिंह को गम्भीर हालत में लखनऊ और ओम प्रकाश को संगीपुर अस्पताल में भर्ती कराया है। 
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस के क्षेत्राधिकारी ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने उदयपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की सही जानकारी हो सकेगी। 

RELATED ARTICLES

Most Popular