– रामगोविन्द चौधरी ने कहा, बंगाल के चुनाव में भाजपा को मिलेगा जवाब
बलिया (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि बंगाल क्रांतिकारियों की धरती है। वहां पर भाजपा की चाल सफल नहीं होगी। श्री चौधरी ने कहा कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी को तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में चुनकर भाजपा को करारा जवाब देने जा रही है।
अपने पैतृक गांव गोसाईंपुर में बुधवार को ‘हिन्दुस्थान समाचार’ से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की एकता के लिए क्षेत्रीय दलों की भूमिका को आवश्यक मानती है। क्षेत्रीय दल राज्यों की स्थानीय समस्याओं को अधिक समझते हैं और तवज्जो देते हैं। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलती है।
कहा कि समाजवादी पार्टी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को समर्थन दिया है। क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल का 10 वर्षों में कायाकल्प किया है।
श्री चौधरी ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस व गुरू रविन्द्र नाथ टैगोर की धरती पश्चिम बंगाल हमेशा से देश को दिशा दिखाने वाला राज्य है। इस बार के विधानसभा चुनाव में भी बंगाल की जनता कोई गलती नहीं करने जा रही। वहां के लोग समझ चुके हैं कि भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है। जिसे भाजपा भी भांप गई है। यही वजह है कि बंगाल में भाजपा को अपनी पराजय का डर सताने लगा है। भाजपा ने विधानसभा के चुनाव में कई सांसदों को टिकट दिया। देशभर के भाजपा के नेता पश्चिम बंगाल में प्रचार में जुटे हुए हैं।
कहा कि धर्म को आधार बनाकर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन बंगाल की प्रगतिशील जनता इन सब से ऊपर उठकर ममता बनर्जी के विकास की राजनीति को पसंद करेगी। विकासवादी राजनीति करने वाले हमारे नेता नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने विकास को तवज्जो देते हुए ही ममता बनर्जी को समर्थन दिया है। यूपी के पंचायत चुनाव और राज्य की राजनीति पर नेता प्रतिपक्ष ने कुछ नहीं कहा। उन्होंने पश्चिम बंगाल को देश की राजनीति के लिए एक अहम मोड़ बताया। बोले, बंगाल से भाजपा का राजनीतिक पराभव शुरू होगा।
यूपी के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, पश्चिम बंगाल में सफल नहीं होगी भाजपा की चाल
RELATED ARTICLES
