Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : बदमाशों की गोली से सपा नेता की पत्नी घायल

UP News : बदमाशों की गोली से सपा नेता की पत्नी घायल

जौनपुर (हि.स.)। बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी ब्लॉक के समीप रैदासपुर गांव में बुधवार की रात करीब 10 बजे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों की गोली से समाजवादी पार्टी (सपा) नेता की पत्नी घायल हो गई। गोली चलाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली चलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने हालात गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे चुनावी रंजिश को जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। रैदासपुर गांव निवासी चंद्र प्रकाश यादव सपा के बूथ प्रभारी हैं। बुधवार की रात करीब 10 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठकर खाना खा रहे थे। उसी समय एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। बाइक पर बैठे बदमाश ने चंद्र प्रकाश को लक्ष्य कर गोली चला दी। खतरे को भांप कर चंद्र प्रकाश चारपाई पर झुक गए, जिससे उनके ठीक पीछे बैठी पत्नी मनीषा (35) के कंधे पर गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश मौके फरार हो गए। घायल मनीषा को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लकी यादव जिला अध्यक्ष लाल बहादुर यादव सहित कई सपा कार्यकर्ता भी जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि गोली लगने से महिला के घायल होने की सूचना मिली है। पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। गोली किसने चलाई और घटना को किस प्रकार अंजाम दिया गया है इस मामले में पुलिस ने प्राथमिक तौर से अपनी जांच शुरू कर दी है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular