‘मिशन शक्ति’ अभियान गोंडा में पकड़ रहा रफ्तार
एसएलबीएस कॉलेज में ‘मिशन शक्ति’ के तहत आयोजित हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम
महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों पर छात्राओं को मिली व्यावहारिक जानकारी
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति’ के पांचवें चरण के अंतर्गत गोंडा जिले के प्रतिष्ठित श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में सोमवार को एक सशक्त और जनजागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, कानून, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी और सामाजिक जागरूकता जैसे कई गंभीर विषयों पर गहन चर्चा हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, खासकर छात्राओं को उनके अधिकारों, कानूनी सहायताओं, हेल्पलाइन सेवाओं और आत्मरक्षा के जरूरी पहलुओं की जानकारी देना था, जिससे वे समाज में आत्मविश्वास से जी सकें और उत्पीड़न, हिंसा या असमानता की किसी भी स्थिति में प्रभावशाली तरीके से मुकाबला कर सकें।
‘मिशन शक्ति’ नारी शक्ति को मजबूत करने का प्रयास : सीओ सिटी
‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्य अतिथि सीओ सिटी आनंद राय ने छात्राओं को बहुआयामी उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलंबन, परामर्श, कानूनी सहायता और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे पहलुओं को भी जोड़ा गया है, जिससे महिलाओं को एक व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवच मिल सके। सीओ राय ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने आसपास की महिलाओं और लड़कियों को भी इस अभियान की जानकारी दें और उन्हें भी सशक्त बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह मंशा है कि हर महिला को उसके अधिकारों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाया जाए।
यह भी पढें: जेईई मेन 2025 रिजल्ट की तारीख पर बढ़ी बेचैनी
चुप्पी तोड़कर आगे आएं युवतियां : सीओ ट्रैफिक
‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम में सीओ ट्रैफिक उदित नारायण पालीवाल ने कहा कि यह बेहद चिंता का विषय है कि आज भी अधिकांश महिलाएं उत्पीड़न के मामलों में चुप रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ कानून बना देने से हालात नहीं बदलते, जब तक कि समाज की महिलाएं उन कानूनों का इस्तेमाल करने के लिए सामने न आएं। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे हर प्रकार की सामाजिक बाधा को पीछे छोड़कर अपने अधिकारों की रक्षा करें और ज़रूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने से न हिचकें। पालीवाल ने कहा कि आज लड़कियों को मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का ज्ञान तो है, लेकिन उन्हें साइबर सुरक्षा, फेक प्रोफाइल्स, ब्लैकमेलिंग और डिजिटल उत्पीड़न से निपटने की जानकारी उतनी नहीं है।
आत्मरक्षा को बताया सशक्तिकरण का मूल स्तंभ
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रवींद्र कुमार ने ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन कई बार उन्हें मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर पीछे खींचने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ आत्मरक्षा और आत्मविश्वास की भावना का विकास जरूरी है, ताकि महिलाएं किसी भी परिस्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि चुनौती का सामना करें।
यह भी पढें: अग्निवीर के लिए सरकार का बड़ा ऐलान
इन नंबरों को याद रखने की सलाह
कार्यक्रम में विशेष रूप से छात्राओं को सभी ज़रूरी हेल्पलाइन नंबरों को याद रखने और अपने मोबाइल में सेव करके रखने की सलाह दी गई। सीओ सिटी ने बताया कि 1090 (वूमेन पॉवर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी नंबर), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (जनसुनवाई) और 1098 (बाल संरक्षण) जैसे नंबर तत्काल सहायता के लिए बेहद कारगर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब मिशन शक्ति अभियान के तहत ‘महिला स्वास्थ्य हेल्पलाइन’ की भी शुरुआत की गई है, जिससे किशोरियां और महिलाएं खुलकर अपने स्वास्थ्य संबंधी सवालों पर विशेषज्ञों से बात कर सकती हैं।
कार्यक्रम में दिखा बेहतर समन्वय
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें शिक्षा संस्थान और जिला पुलिस प्रशासन का सामंजस्यपूर्ण सहयोग देखने को मिला। क्राइम इंस्पेक्टर अरविंद यादव, उपनिरीक्षक पूजा वर्मा, महिला कांस्टेबल सीमा वर्मा और सुषमा, एंटी रोमियो टीम के सदस्य संजय सोनकर, शशांक द्विवेदी, अंगद शर्मा और रुचि दुबे की सक्रिय भागीदारी रही। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के साथ खुला संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्होंने साइबर अपराधों, ब्लैकमेलिंग, पीछा करने (स्टॉकिंग), अश्लील मैसेज और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं से निपटने के उपाय बताए।
यह भी पढें: शेयर मार्केट में निवेशकों के 20 लाख करोड़ डूबे
दुनिया डरती है उनसे, जो दुनिया से नहीं डरती-चमन कौर
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. चमन कौर ने कहा कि आज की बेटियां कमजोर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया डरती है उन महिलाओं से, जो दुनिया से नहीं डरतीं। उन्होंने मिशन शक्ति को एक परिवर्तनकारी पहल बताया और कहा कि यह न सिर्फ सुरक्षा का अभियान है, बल्कि मानसिक और सामाजिक सशक्तिकरण की ओर एक मजबूत कदम है।
‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम में छात्राओं ने दिखाई जागरूकता
‘मिशन शक्ति’ के इस भव्य आयोजन में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी, क्राइम इंस्पेक्टर अरविंद यादव, उपनिरीक्षक पूजा वर्मा, महिला आरक्षी सीमा वर्मा और सुषमा, एंटी रोमियो टीम से संजय सोनकर, शशांक द्विवेदी, अंगद शर्मा और रुचि दुबे की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में छात्राएं ब्यूटी मिश्रा, उन्नति श्रीवास्तव, मोहिनी, गुड़िया देवी, सुनीता वर्मा, साक्षी, मधु, कश्यप देवांशी, गुंजन वर्मा, शिवानी शुक्ला, निशा मिश्रा, शिखा उपाध्याय, कंचन भारती, सबरीन बानो, अंजली शर्मा और सोनाली सहित अनेक छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

यह भी पढें: पुलिस इंस्पेक्टर ने गोली मारकर किया सुसाइड
पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
कलमकारों से: तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी (प्रधान संपादक) मोबाइल- 9452137310 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com