Gonda News:हड़ताल से बैंक रहे बंद, 50 करोड़ का लेनदेन प्रभावित

संवाददाता

गोण्डा। विभिन्न मांगों के समर्थन में बैंक कर्मियों ने एक दिवसीय हड़ताल रखी। इससे ग्राहकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गुरुवार को दोपहर 12 बजे विकास भवन स्थित इंडियन बैंक से सुभाष कुमार रुपये निकालने आए थे। यहां आधा गेट बंद था। उन्हें हड़ताल होने की जानकारी देकर वापस कर दिया गया। यहीं पर सामने स्थित केनरा बैंक शाखा बंद थी। यहां भी रुपये निकालने आए कमलेश, सुधीर के साथ ही कई अन्य लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। गुरुवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल से बैंकिग व्यवस्था ठप रही। करीब 50 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। सहालग का समय होने से लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह कर्मी बैंक शाखाओं पर एकत्र हुए। इंडियन बैंक के आंचलिक कार्यालय पर कर्मी जुटे और सरकार पर जनविरोधी व श्रमिक विरोधी होने का आरोप लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। केनरा बैंक के प्रांतीय प्रतिनिधि सिद्धार्थ त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि बैंकों का निजीकरण किया जा रहा है। यह कतई बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। इंडियन बैंक के इंद्र बहादुर ने कहा कि कारपोरेट जनता का धन डकार रहे हैं। उन्हें ही बैंकों का मालिकाना हक देने की साजिश रची जा रही है।मनीष मौर्य, प्रशांत श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद सिंह, कौशल कुमार यादव व महेश पांडेय ने विचार व्यक्त किया। अब्दुल वहीद, अमित शर्मा, मनोज कुमार मिश्र, सुरेश कुमार, राकेश कुमार, शिवकुमार, सलीम व शिव प्रसाद मिश्र मौजूद रहे। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक दशरथी बेहरा ने बताया कि कर्मियों के हड़ताल से 50 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। इससे ग्राहकों को दिक्कत हुई।

error: Content is protected !!