संवाददाता
गोण्डा। बेसिक शिक्षा में फर्जी अभिलेख के आधार पर नौकरी हथियाने का मामला सामने आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने एक शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मछलीगांव प्रथम मनकापुर की सहायक अध्यापिका रंजना देवी के बीएड का अंक पत्र सत्यापन में फर्जी मिला है। रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षिका को नोटिस जारी करके पक्ष रखने का अवसर दिया गया। शिक्षिका की ओर से कोई साक्ष्य नहीं दिया गया और न ही वह उपस्थित ही हुई। सहायक अध्यापिका रंजना देवी को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। जिले के प्राइमरी स्कूल मछली गांव प्रथम मनकापुर में 9 नवंबर 2015 को अंबेडकर नगर के जलालपुर के सैदही मसौढ़ा गांव की रंजना देवी की नियुक्ति सहायक अध्यापक के पद हुई थी। इनके अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा था। बीएसए ने बताया कि बीएड अंक पत्र 2009 का सत्यापन महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली से कराया गया, जिसमें आई रिपोर्ट में बीएड का अंक पत्र वैध नहीं है। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई और पांच दिसबंर को अंतिम अवसर दिया गया कि शिक्षिका अपने पक्ष को रख सकती है। इसके पहले भी कई बार अवसर दिया गया। शिक्षिका की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया गया है। वित्त एवं लेखाधिकारी से शिक्षिका को दिए गए वेतन का ब्यौरा देने के लिए पत्र लिखा गया है, जिससे की अब तक दिए गए वेतन की रिकवरी की जा सके।
अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।
