Saturday, April 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशव्यक्ति की सकारात्मक सोच ही उसे आगे बढ़ाती है : डॉ दिनेश...

व्यक्ति की सकारात्मक सोच ही उसे आगे बढ़ाती है : डॉ दिनेश शर्मा

प्रयागराज (हि.स.)। प्रत्येक व्यक्ति की सकारात्मक सोच ही उसे आगे बढ़ाती है। सकारात्मक सोच में नकारात्मक विचार नहीं आना चाहिए। बुद्धिजीवियों का यही काम है सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े। हरेक आदमी अपनी अच्छी सोच दूसरों से शेयर करे और उससे अच्छी सोच ले। जिससे सदैव प्रगति होगी।

यह बातें पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं सदस्य विधान परिषद् डॉ दिनेश शर्मा ने शनिवार को कर्नलगंज स्थित एक्सीड कोचिंग में आयोजित बुद्धिजीवी समागम कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद की सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी को लखनऊ वाले बहुत याद करते हैं। जब मैं मेयर था तो डॉ रीता जोशी से सदैव अच्छे विचारों का आदान-प्रदान होता था, जिससे सदैव अच्छे कार्यों में सफलता मिलती थी। लेकिन अब प्रयागराज ने उन्हें छीन लिया।

डॉ शर्मा ने कहा कि आज समय बदल रहा है। बहुत लोग सरकार से खुश होंगे तो कुछ लोग नाराज। अधर्म करने वालों को दण्ड मिल रहा है। उन्होंने अतीक अहमद का उदाहरण दिया कहा कि पहले वहां सभी डरते थे, लेकिन आज वहां के लोग कितना खुश हैं। कहा कि आज देश में तमाम विद्यालय मिले हैं, देश में राष्ट्र का सम्मान बढ़ा है। आज पाक ऑख उठाकर भारत की ओर नहीं देख सकता। क्योंकि अब पाक को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दूसरी पार्टियों से अलग है। भाजपा की सोच दूसरी है। उन्होंने कहा हर काम पैसे से नहीं होता। अच्छी सोच लो और अच्छी सोच दो। अंत में कहा कि प्रयागराज का अमरूद और नमकीन बहुत प्रसिद्ध है। यहां के लोग जो टिप्पणी करते हैं वह साक्षात् हो जाती है।

सांसद डॉ रीता जोशी ने कहा कि डॉ दिनेश शर्मा लोकप्रिय नेता हैं, वहीं शिक्षक जन प्रतिनिधि के नाते उन्होंने उप्र का दौरा बहुत किया और युवाओं को सदैव आगे बढ़ाने का प्रयास किया। नई शिक्षा नीति लागू हुई इसके लिए प्रयास किया। उन्होंने आशा जतायी कि शिक्षक होने के नाते आप सदैव आते रहेंगे। संचालन मृत्युंजय तिवारी ने किया।

इस अवसर पर एक्सीड कोचिंग के निदेशक एवं आयोजक कुलदीप मिश्रा, प्रभा शंकर पाण्डेय, राम प्रकाश पटेल, रंजन पाण्डेय, मुरारी लाल अग्रवाल, राकेश मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, भोला तिवारी, जयवर्धन, मुन्ना यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular