कानपुर (हि.स.)। वैवाहिक विवादों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसको देखते हुए 22 जनवरी को विशेष लोक अदालत लगने जा रही है, जिसमें वैवाहिक विवादों का ही निपटारा किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर मयंक कुमार जैन के दिशा निर्देशों के अनुपालन में पारिवारिक विवादों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण करने के लिए 22 जनवरी को विशिष्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा जाएगा। इस लोक अदालत में पारिवारिक विवाद से संबंधित मामलों का अधिक से अधिक निस्तारण समझौते के आधार पर किया जाएगा।
विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रमेश चंद प्रथम के दिशा-निर्देश में गठित पीठों द्वारा सुलह समझौता वार्ता के लिए दो जनवरी को प्री-ट्रायल का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 157 प्रार्थना पत्रों में उपस्थित पक्षकारों को सुलह-समझौतों के आधार पर निस्तारण करने का प्रयास किया गया। गठित पीठों के द्वारा सुलह-समझौते के लिए दो प्री-सिटिंग सात और 13 जनवरी निर्धारित है। जिसमें पक्षकारों के मामलों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डिविजन कानपुर नगर श्रद्धा त्रिपाठी द्वारा दी गयी।
महमूद
