– बीते वर्ष 2021 में ट्वीटर पर प्राप्त शिकायतों में 3073 मुकदमे दर्ज किए गए
– सोशल मीडिया में और बेहतर बनने के लिए उप पुलिस कर रही काम
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया में भी पूरी तरह से सक्रिय है। सोशल मीडिया के ट्वीटर हैंडल पर आने वाली शिकायतों का पुलिस विभाग संज्ञान में लेकर उस पर कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाता है। साथ ही भ्रामक खबरों का पोस्ट करने वालों पर भी नजर रखी जाती है। वर्ष 2021 में उप्र पुलिस के ट्वीटर हैंडल के फालोवर बढ़कर 20 लाख हो गयी है। इससे पहले पांच लाख 73 हजार 200 थी।
12,186 ट्वीट किए, 3073 मुकदमे दर्ज
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में पुलिस के ट्वीटर हैंडल से कुल 12186 ट्वीट किए गये हैं। ट्वीटर पर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेकर 3073 मुकदमें पंजीकृत किए गए हैं।
वैरिफाइड टेलीग्राम चैनल लांच
ट्वीटर हैंडल पर भ्रामक सूचनाओं के खंडन व पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए वैरिफाइड टेलीग्राम चैनल का भी पिलछे वर्ष सितम्बर माह में लांच किया गया है। इसके सब्सक्राइबर की संख्या 15 हजार से अधिक हो चुकी है। बीते वर्ष समस्त जिलों द्वार घटनाओं की तथ्यात्मक जानकारी, सराहनीय कार्य और शासन की नीतियों के सन्दर्भ में 10.011 वीडियो बाइट को अपलोड किया है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर चौबीस घंटे नजर बनाये रखने के लिए मुख्यालय स्तर पर सोशल मीडिया सेल बनाया गया है। यहां पर तैनात पुलिस कर्मी सोशल मीडिया के ट्वीटर हैंडल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और कई चीजों पर पैनी नजर रखते है कि कोई भी भ्रामक खबर न पोस्ट कर पाये।
प्रदेश वासियों से भी अपील की है कि पोस्ट करने से पहले सभी पहुलओं को गहनता से जांच कर लेना चाहिये। साथ ही सेल को भी निर्देश दिए है कि अगर कोई भ्रामक सूचनाएं पोस्ट करता है तो इसका फौरन खंडन कर पोस्ट करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाये।
दीपक
