– पीठासीन अधिकारी और कार्मिकों को प्रशिक्षण के लिए तैयारियां पूर्ण करने के दिए निर्देश
झांसी(हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मास्टर ट्रेनर द्वारा समस्त पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिए जाने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज का प्रभारी कार्मिक मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार के साथ भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिले की 04 विधानसभा क्षेत्रों के लिए विभिन्न विभागों के 115 मास्टर ट्रेनर के रूप में नियुक्त किये गये हैं, जो अपने-अपने विधानसभा के अन्तर्गत ईवीएम-वीवीपैट का प्रशिक्षण सम्पन्न करायेंगे। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज का भ्रमण करते हुए सभी कक्षों का निरीक्षण किया सभी कक्ष प्रोजेक्टर के साथ हाईटेक प्रशिक्षण देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पीठासीन अधिकारी/मतदान कार्मिकों को सरल भाषा में प्रशिक्षित किया जाए ताकि निर्वाचन के दौरान जो भी समस्या उत्पन्न हो उसका सहजता से निस्तारण कर सके, साथ ही साथ जनता को भी जानकारी उपलब्ध कराने में सक्षम हो।
प्रत्येक कक्ष में 50-50 कार्मिकों का बैच बनाए जाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कोविड-19 का पालन किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान मास्क,सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से अनुपालन हो। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होते ही प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से पूर्व समस्त मास्टर ट्रेनर की भी क्लास ली जाएगी ताकि प्रशिक्षण के दौरान समस्त कार्मिकों को क्या-क्या जानकारी देंंगें इसे जाना जा सके।
भ्रमण के दौरान सहायक प्रभारी कार्मिक डीडीओ सुनील कुमार, सहायक प्रभारी कार्मिक डीआईओएस कोमल सिंह यादव, बीएसए वेद राम, प्रधानाचार्य जीआईसी पीके मौर्य, सहायक अध्यापक अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।
महेश
