मथुरा (हि.स.)। खुद को डीआईजी बताकर मंदिर के गैस्ट हाउस में ठहरे युवक को रविवार वृन्दावन कोतवाली की रमणरेती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसने खुद को डीआईजी बताकर गेस्ट हाउस कर्मियों पर जहां रौब गालिब करने का प्रयास किया। वहीं, मथुरा के अधिकारियों से भी गलत भाषा में बात करते हुये उन्हें ट्रांसफर की धमकी तक दे डाली थी। मामला जब ज्यादा बढ़ा तो अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद इसे पकड़ लिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर मार्तण्ड प्रताप सिंह ने बताया मूल रूप से कोलकाता के केएम रोड थाना पाटोली निवासी 42 वर्षीय अभिजीत कर पुत्र टपुन कर हाल निवासी सैक्टर 47 गुढ़गांव ने वृन्दावन इस्कॉन मंदिर के गेस्ट हाउस में कमरा लिया था। इसने खुद को डीआईजी (आईबी) बताकर रूकने का प्रयास किया। इसने गेस्ट हाउस कर्मचारियों पर रौब गालिब करने के उद्देश्य से उनसे अभद्रता की। जब संचालकों द्वारा इसकी शिकायत वृंदावन की रमणरेती पुलिस से की गयी तो मामला अधिकारियों के संज्ञान तक पहुंचा। रमणरेती चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक ने रविवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर एमपी सिंह ने बताया इस फर्जी डीआईजी ने एसपी ट्रैफिक और एसपी क्राइम सहित अन्य पुलिस के अधिकारियों से गलत लहजे में बातचीत करते हुये खुद की बात मानने को कहा और न मानने पर अधिकारियों का ट्रांसफर कराने तक की धमकी दे डाली। आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
महेश
