वाराणसी (हि.स.)। शहर के गोदौलिया स्थित एक होटल के ऊपरी तल में रविवार दोपहर को अचानक आग लग गई। भीड़ भरे इलाके में आग लगने की सूचना पर पुलिस अफसरों के साथ फायर बिग्रेड के जवान मौके पर पहुंचे और होटल के सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। आग से जानमाल की क्षति की खबर नहीं है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक होटल के जेनरेटर रूम के पास चिमनी में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। गोदौलिया चौराहे पर होटल गंगेज ग्रैंड होटल है। अपराह्न में होटल के ऊपरी तल से धुआं और आग की लपटों को देख सड़क पर गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर दशाश्वमेध एसीपी अवधेश कुमार पांडेय, थाना प्रभारी और अफसर भी पहुंच गये। तत्काल फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। अग्निशमन कर्मियों के साथ होटल के सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर आग पर फायर उपकरणों की मदद से तत्काल काबू पा लिया। घटना से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
श्रीधर
