Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलहरतारा ओवरब्रिज पर जनरथ बस में लगी आग,यात्री सकुशल,सामान जला

लहरतारा ओवरब्रिज पर जनरथ बस में लगी आग,यात्री सकुशल,सामान जला

वाराणसी(हि.स.)। कैंट रोडवेज से सोमवार को सोनभद्र जा रही जनरथ बस में अचानक आग लग गई। किसी तरह यात्रियों, चालक और परिचालक ने बस से उतर कर अपनी जान बचाई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात रोक कर फायर बिग्रेड की मदद से लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक अस्सी फीसदी बस जल गई थी।

यात्रियों ने बताया कि बस दोपहर में लगभग 40 लोगों को लेकर सोनभद्र के लिए रोडवेज से निकली। बस लहरतारा से जैसे ही रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ी अचानक शार्ट सर्किट से बस में आग लग गईं । इसके बावजूद बस चालक बस को भगाता रहा। आग को बेकाबू देख चालक ने बस को रोका और यात्रियों को जल्दी उतरने को कह खुद बस से उतर गया। इसके बाद यात्री भी जल्दी-जल्दी बस से उतर कर दूर खड़े हो गये। लोग अपने सामान को बचाने के लिए शोर मचाने लगे। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गई।

बड़े हादसे को रोकने के लिए पुलिस ने फायर बिग्रेड को बुलाने के साथ एक लेन को भी खाली करवा लिया। इस दौरान पूरी बस धूं-धूं कर जलती रही। कई महिला यात्रियों का सामान और अटैची में रखा गहना भी जल गया। इससे वे काफी निराश दिखीं लेकिन जान बच जाने का खुशी भी रही। अफसरों के अनुसार हादसे में फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। आग का कारण शॉर्ट सर्किट है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular