Wednesday, April 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रभावशाली चेहरों की पहली पसंद बन रही भाजपा, कई नेताओं ने ली...

प्रभावशाली चेहरों की पहली पसंद बन रही भाजपा, कई नेताओं ने ली सदस्यता

मेरठ (हि.स.)। विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने विरोधी दलों में जबरदस्त सेंध लगानी शुरू कर दी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में समाज के कई प्रभावशाली चेहरों की पहली पसंद भाजपा बनी है। इन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। इससे विरोधी दलों को करारा झटका लगा है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ज्वाॅइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने समाज के प्रभावशाली लोगों को भाजपा में शामिल कराने का अभियान शुरू किया है। इन दिनों लखनऊ में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। सोमवार को सपा का दलित चेहरा रही किरण जाटव ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। मेरठ से लखनऊ तक साइकिल से यात्रा करके किरण जाटव ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को राखी बांधकर सुर्खियां बटोरी थी। किरण सपा सरकार में दर्जा राज्य मंत्री भी रही।

इसके साथ ही मेरठ के प्रख्यात कवि सौरभ जैन सुमन ने भी भाजपा का कमल का फूल थाम लिया। उनकी पत्नी अनामिका जैन अंबर प्रसपा की नेता रह चुकी हैं। मेरठ के दिग्गज समाजवादी चेहरे और सपा के वरिष्ठ नेता रहे गोपाल अग्रवाल ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे गोपाल अग्रवाल लंबे समय से सपा में हाशिये पर रहे। सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष और सपा के राष्ट्रीय सचिव गोपाल अग्रवाल ने सपा से त्यागपत्र दे दिया था।

जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी के बेटे और अंतरर्राष्ट्रीय चुनाव विश्लेषक अमरीश त्यागी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। उन्हें गाजियाबाद जनपद से विधानसभा टिकट का दावेदार बताया जा रहा है। इसी तरह से दूसरे प्रभावशाली लोगों को भी भाजपा में शामिल कराने की प्रक्रिया चल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular