Wednesday, April 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर एयरपोर्ट से मुंबई व कोलकाता उड़ान की तैयारियां मुकम्मल

कुशीनगर एयरपोर्ट से मुंबई व कोलकाता उड़ान की तैयारियां मुकम्मल

-17 दिसम्बर को कोलकाता के लिए जेट व 18 दिसम्बर को मुंबई के लिए बोइंग भरेगा उड़ान

कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 17 दिसम्बर से विमानों का परिचालन और बढ़ जाएगा। इस दिन कोलकाता के लिए 78 सीटर बॉम्बार्डियर विमान और 18 दिसम्बर को मुंबई के लिए 186 सीटर बोइंग विमान उड़ान भरेगा। इसी के साथ एयरपोर्ट से कुल तीन शहरों यानी दिल्ली, कोलकाता और मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइस जेट पहली विमानन कम्पनी हो जायेगी।

कोलकाता की फ्लाइट संख्या एसजी 4039 एयरपोर्ट से 1.35 बजे उड़ान भरकर 3.20 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहां से 3.40 बजे उड़ान भरकर 5.15 बजे कुशीनगर आएगी। 18 दिसम्बर से मुंबई की फ्लाइट संख्या 737000 तीन बजे उड़ान भरकर 5.35 बजे मुंबई पहुंचेगी। वहां से 12.10 बजे उड़ान भर 2.25 बजे कुशीनगर लैंड करेगी। कोलकाता की फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार व मुंबई की फ्लाइट भी सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। उसी समय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीनों उड़ानों की समयबद्ध घोषणा की थी। जिसके बाद स्पाइस जेट ने रूट पर टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी थी। एयरपोर्ट निदेशक ए के द्विवेदी ने बताया कि उड़ानों की संख्या बढ़ने के अनुरूप यात्री संसाधन का कार्य भी शुरू हो गया है। पार्किंग, उद्यान का कार्य शुरू हुआ है।

फरवरी से इंडिंगो भी भरेगी उड़ान: विमानन कम्पनी इंडिगों भी फरवरी से कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी के अधिकारी उड़ान का शिड्यूल तैयार करने व जरूरी औपचारिकता पूरी करने में लगे हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इंडिगो दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के साथ बंगलुरू के लिए भी उड़ान शुरू करने की तैयारी कर रही है। मौसम सम्बन्धी अड़चनों का कारण इंडिगो ने फरवरी माह का चयन किया है।

ओमिक्रोन को लेकर सतर्कता: ओमिक्रोन को लेकर एयरपोर्ट पर सतर्कता बरती जा रही है। हेल्थ विभाग की पांच सदस्यीय टीम तैनात की गई है। अभी यात्रियों की आरटीपीसीआर की रेंडम जांच की जा रही है। थर्मल स्कैनिंग, सेनेटाइजेशन भी किया जा रहा है। सभी के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। एयरपोर्ट निदेशक ए के द्विवेदी ने यात्रियों से स्वास्थ्य जांच में सहयोग की अपेक्षा की है।

कार पार्किंग का विस्तार शुरू: एयरपोर्ट पर गाड़ियों की बनी कार पार्किंग का विस्तार का कार्य शुरू हो गया है। कुल 50 गाड़ियों की कतारबद्ध पार्किंग की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके अतिरिक्त दो पहिया वाहन के लिए अलग पार्किंग होगी।

.टर्मिनल उद्यान का कार्य शुरू: निजी क्षेत्र की एक कम्पनी ने एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के सामने की खाली पड़ी 26 हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल की भूमि को उद्यान के रूप में विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया है। यह उद्यान न केवल टर्मिनल बिल्डिंग की खूबसूरती बढ़ाएगा बल्कि एयरपोर्ट से सुदूर जगहों की यात्रियों के साथ साथ उन्हें सीआफ़ व रिसीव करने आने वाले स्वजनों व शुभचिंतकों को बेहतर माहौल प्रदान करेगा ताकि लोगों को इंतजार के घण्टों में बोरियत का अहसास न हो।

मुख्य द्वार पर रोक-टोक से यात्री परेशान: टर्मिनल बिल्डिंग के मुख्य गेट पर तैनात यूपी पुलिस के जवानों द्वारा गेट पर टिकट चेक करने से यात्री परेशान हो रहे हैं। पुलिस के जवान मोबाइल पर बुकिंग स्टेटस नही बल्कि मैन्युअल टिकट मांग रहे हैं। यात्रियों को सी आफ या रिसीव करने आए लोगों को गेट पर रोक लिया जा रहा है। उन्हें किसी एयरपोर्ट अधिकारी से बात कराने को कहा जा रहा है। यात्रियों से गेट पर टिकट चेक किया जा रहा है। यात्रियों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। एयरपोर्ट निदेशक का कहना है कि टर्मिनल बिल्डिंग तक आने के लिए कोई प्रतिबन्ध नहीं है। बशर्ते कि वह यात्री के स्वजन हों।

RELATED ARTICLES

Most Popular