मुख्यमंत्री योगी हैलट अस्पताल पहुंचकर लिया घायलों का हालचाल

कानपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घायलों का हालचाल लेने के लिए एक बजकर 10 मिनट पर कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचे। यहां पर उनके साथ शासन, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने हैलट अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती घायलों का हालचाल लिया। इस दौरान तीमारदारों से भी बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन को यह निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाये। इसके अलावा पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पत्रकारों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन घायलों को मैने देखा है। उन सभी से बातचीत की है। वे सभी लोग खतरे से बाहर हैं। मेडिकल कॉलेज की टीम बड़ी तत्पर्रता से कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि साढ़ थाना क्षेत्र में हुए हादसे में जो 26 जान गई थी, उन सभी का अंतिम संस्कार की प्रक्रिया लगभग पूरी होने जा रही है। इस दौरान हमारा पूरा प्रशासन और प्रदेश सरकार के मंत्री वहां मौजूद होकर परिवार काे सांत्वना दे रहे हैं। आगे कहा कि दूसरी घटना चकेरी थाना क्षेत्र में अहिरवां में घटी थी। जहां पर मुंडन संस्कार के लिए लोग विंध्याचल जा रहे थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। दस लोग घायल हैं। उनका इलाज भी हैलट में चल रहा है।

योगी आदित्यनाथ का आज बलरामपुर का दौरा था लेकिन देर रात कानपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों के बाद यह दौरा रद्द कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में उतरा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से हैलट अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

अजय/दीपक

error: Content is protected !!