झांसी और महोबा की 5000 से ज्यादा महिला किसान बनीं सदस्य
मूंगफली, चना और मटर की खरीद-बिक्री का काम करती है कम्पनी
झांसी(हि. स.)। बुंदेलखंड के झांसी और महोबा जिलों की महिलाओं ने मिलकर दो साल पहले जिस झलकारी बाई महिला किसान प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड की शुरुआत की थी, उसका टर्न ओवर इस समय चार करोड़ रुपये पार कर चुका है। इस कम्पनी में निदेशक मंडल के पांचों पदों की जिम्मेदारी महिलाओं के पास है और सदस्यता भी महिला किसानों को ही दी जाती है। कम्पनी ने मूंगफली, चना और मटर की खरीद गांव में ही जाकर करने के लिए हर तीन या चार गांव पर एक खरीद केंद्र बनाया है।
आजीविका मिशन कर रही कम्पनी की मदद
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने इस कम्पनी के गठन के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मदद दी और प्रेरित किया। इस कम्पनी से अभी तक झांसी और महोबा जिले की 5000 से अधिक महिलाएं बतौर सदस्य जुड़ चुकी हैं। कम्पनी का वार्षिक टर्न ओवर 4.5 करोड़ से अधिक पहुंच चुका है। दिसंबर 2020 में इस कम्पनी का गठन हुआ और अप्रैल 2021 से इसने काम करना शुरू कर दिया। अभी कम्पनी ने कुछ समय पहले झांसी की 700 और महोबा की 300 महिला किसानों से मूंगफली की खरीद की है। इस कम्पनी से 17,406 महिला किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
गांव में ही बनाये गए हैं खरीद केंद्र
झलकारी बाई महिला किसान प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड की निदेशक जितेंद्र राजी ने बताया कि निदेशक मंडल की पांच में से तीन सदस्य झांसी की और दो महोबा की हैं। अभी तक पांच हजार से ज्यादा महिलाएं कम्पनी से जुड़ चुकी हैं। कम्पनी ने गांव में ही फसल की खरीद के लिए केंद्र बनाए हैं, जिन्हें बिक्री के लिए मंडी जाने की मेहनत बच जाती है। कम्पनी के खरीदी केंद्र पर मशीन के द्वारा फसल की सही गुणवत्ता का पता चल जाता है और उसी के अनुसार मूल्य का भुगतान किया जाता है। फसल की कीमत का भुगतान एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन कर दिया जाता है।
महेश
