हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का जन संवाद कार्यक्रम भारत जोड़ो यात्रा की सफलता का विस्तार प्रारूप
वाराणसी (हि.स.)। भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस का एक और अभियान शुरू हुआ है। दो महीनों तक चलने वाले हाथ से हाथ जोड़ो महाअभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी की जिला और महानगर इकाई जुट गई है। शुक्रवार से जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में टाउनहाल मैदागिन से महात्मा गांधी व माँ कस्तूरबा को नमन कर महाअभियान की शुरुआत हुई। कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल से लोहटिया स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा तक मार्च कर आमजन से जुड़ने का संकल्प लिया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि 30 जनवरी से पार्टी कार्यकर्ता वाराणसी शहर के सभी 100 वार्डो में अभियान शुरू कर हर घर में दस्तक देंगे। यात्रा से समाज के सभी वर्गों को कांग्रेस से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। इस अभियान की शुरुआत 26 जनवरी तक हुई है। 25 मार्च तक सभी ब्लाकों पर पार्टी ये अभियान चलायेगी। लोगों तक राहुल गांधी का संदेश कार्यकर्ता पहुंचायेंगे। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की विफलताओं से जनता को रूबरू कराएंगे। अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ लेवल तक सम्पर्क साधेंगे। अभियान के प्रचार के लिए पार्टी सोशल मीडिया ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सएप आदि सभी स्तरों का इस्तेमाल कर रही है।
श्रीधर
