Sunday, October 11, 2026
HomeEditor Pickस्टडी टेबल वितरणः देवीपाटन मंडल में एक लाख बच्चों को वितरण का...

स्टडी टेबल वितरणः देवीपाटन मंडल में एक लाख बच्चों को वितरण का लक्ष्य पूरा

नवरात्रि पर मां पाटेश्वरी के सानिध्य में मुख्यमंत्री ने छात्राओं को प्रदान किए स्टडी टेबल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बालिकाओं के शैक्षिक उन्नयन के लिए मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के प्रयासों की मुक्तकंठ से की सराहना

अतुल अद्वैत

गोंडा। नवरात्रि की पावन बेला, मां पाटेश्वरी का दरबार और अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का विशेष अवसर। इन तीनों का संगम देवीपाटन मंडल में शिक्षा, संस्कार और बालिका सशक्तीकरण की प्रेरणादायी तस्वीर लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी के चरणों में ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत छात्राओं को स्टडी टेबल और आशीर्वाद पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मंडलायुक्त के पहल पर बीते हुए शुरू किए गए इस अभियान के अंतर्गत एक लाख बच्चों को स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया और मेहनत, लगन तथा अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मां शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में आयोजित इस पहल का संदेश साफ है कि बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए उन्हें बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। घर पर पढ़ाई के लिए व्यवस्थित जगह मिलने से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने और अपने शैक्षिक लक्ष्यों की ओर एकाग्रता से बढ़ने में मदद मिलेगी। स्टडी टेबल वितरण की यह पहल पढ़ाई को सुविधाजनक बनाने के साथ बच्चों में आत्मविश्वास जगाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

स्टडी टेबल वितरणः देवीपाटन मंडल में एक लाख बच्चों को वितरण का लक्ष्य पूरा
नवरात्र के प्रथम दिन कन्या पूजन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूरा

‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत एक लाख स्टडी टेबल बांटने का लक्ष्य पूरा होना मंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। देवीपाटन मंडल में लक्ष्य के सापेक्ष वितरण कार्य की प्रगति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी बेहतर ढंग से संचालित करने और उनमें गति लाने के लिए प्रेरित किया। आयुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर पर पढ़ाई के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयां और संसाधनों की कमी उनकी शिक्षा में बाधा न बनें। स्टडी टेबल वितरण के माध्यम से बच्चों को ऐसा स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जहां वे नियमित रूप से बैठकर पढ़ सकें, अपनी एकाग्रता बढ़ा सकें और अनुशासन के साथ पढ़ाई की आदत विकसित कर सकें।

स्टडी टेबल वितरणः देवीपाटन मंडल में एक लाख बच्चों को वितरण का लक्ष्य पूरा
प्राथमिक विद्यालय की बालिकाओं को आशीर्वाद पत्र सौंपते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री के आशीर्वाद पत्र ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री की ओर से विद्यार्थियों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान करना रहा। बच्चों के लिए यह केवल एक पत्र नहीं, बल्कि उनके सपनों और भविष्य के प्रति विश्वास जताने वाला प्रोत्साहन भी है। इसके माध्यम से उन्हें परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया। उचित मार्गदर्शन, पढ़ाई के अनुकूल वातावरण और निरंतर मेहनत के बल पर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। शिक्षा के प्रति समर्पण उन्हें अपने परिवार और समाज के साथ-साथ देश के विकास में योगदान देने के योग्य बनाता है।

इस पहल के जरिए बच्चों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया कि उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य महत्वपूर्ण हैं। नवरात्रि शक्ति और संस्कार का प्रतीक है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बेटियों की शिक्षा, समान अवसर और सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित करता है। ऐसे अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में प्रेरणादायी संदेश देता है। शिक्षा बेटियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देती है। स्टडी टेबल वितरण जैसी पहल पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के साथ बालिकाओं के शैक्षिक विकास को प्रोत्साहित करने की भावना से भी जुड़ी है।

शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन का संकल्प

‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल स्टडी टेबल बांटना नहीं, बल्कि बच्चों में नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूरा होना इसी संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह पहल ‘शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन’ की भावना को मजबूती देती है और विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक गण कैलाश नाथ शुक्ल, पल्टूराम, राम प्रताप वर्मा, बलरामपुर के जिलाधिकारी विपिन जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त, शक्तिपीठ देवीपाटन के महंत मिथिलेश नाथ योगी समेत शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्टडी टेबल वितरणः देवीपाटन मंडल में एक लाख बच्चों को वितरण का लक्ष्य पूरा
प्राथमिक विद्यालय की बालिकाओं को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

यह भी पढें:  आयुक्त-सिविल जज विवाद: गलतफहमी से उपजा टकराव

नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com या हमारे Whatsapp चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।

हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल अद्वैत, सम्पादक- हिंदुस्तान डेली न्यूज मोबाइल +91 8619730058

RELATED ARTICLES

Most Popular