वाराणसी (हि.स.)। देश-प्रदेश में बेलगाम हो गई महंगाई के विरोध में शनिवार अपरान्ह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आये।
राजातालाब तहसील पर कामरेड डॉ. श्याम लाल मौर्या की अध्यक्षता में जुलूस निकाल कार्यकर्ताओं ने धरना देने के बाद राष्ट्रपति को सम्बोधित मांगों का ज्ञापन तहसीलदार राजातालाब श्याम कुमार को सौंपा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पश्चात डीजल,पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी से महंगाई आसमान पर है।
कामरेड लालमणि वर्मा ने कहा कि देश के जनता के किसी वर्ग की कमाई में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है । आज रोज कमाने खाने वाले जनता के सामने भोजन के लिए संकट खड़ा हो गया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से रसोई गैस,डीजल,पेट्रोल के दाम आधा करने, डीजल पेट्रोल के दामों में प्रतिदिन बढ़ोतरी रोकने की मांग की। धरना और जुलूस में कामरेड रामचंद्र शास्त्री, रामभरोसे,श्यामलाल मौर्य, सियाराम यादव, कमला प्रसाद ,दूधनाथ, रामगोपाल, बेचन प्रसाद, मुन्नीलाल, मुरलीधर आदि शामिल रहे।
श्रीधर
