Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहंगाई की पिच पर 'फलों का राजा' पिछड़ा, कानपुरिए नीबू ने तिहरा...

महंगाई की पिच पर ‘फलों का राजा’ पिछड़ा, कानपुरिए नीबू ने तिहरा शतक ठोंका

कानपुर(हि.स.)। देश की सियासत में इस वक्त बुलडोजर और लाउडस्पीकर को लेकर जबरदस्त घमासान छिड़ा हुआ है। वहीं, फलों का राज आम महंगाई की पिच पर कनपुरिए नीबू से पिछड़ गया है। हालात इस कदर हो गए हैं कि नीबू की खेती करने वाले किसान अपने बगीचों की 24 घंटे पहरेदारी कर रहे हैं। इसके अलावा सब्जी मंडी में आम जहां 90 से 100 रुपये में है तो वहीं गर्मी से राहत देने वाली दवा नीबू 250 से लेकर 300 रुपये किलोग्राम रेट से बिक रहा है।

गर्मी आते ही जहां बाजारों में खीरा, ककड़ी, तरबूज की बिक्री तेजी पकड़ चुकी है, तो वहीं फलों के राजा आम की डिमांड भी बढ़ गई है। जबकि गर्मी से राहत देने वाला नीबू हर दिन नए-नए रिकार्ड बना रहा है। बुधवार को कानपुर की अधिकतर सब्जी मंडियों में नीबू 250 से लेकर 300 रुपये किलो ग्राम के रेट से बिक रहा है। बम्बारोड, रामादेवी, सीसामऊ, कंपनीबाग, रावतपुर, नवाबगंज, सिंहपुर सब्जी मंडी में कुछ दुकानों में ही नीबू दिखे। हाल ये है कि कई जगहों पर 12 से लेकर 20 रुपये में सिर्फ एक नींबू ही मिल रहा है। चकरपुर मंडी के थोक सब्जी विक्रेताओं कमलेश व दीपक की मानें तो बीते कुछ दिनों में नींबू के दामों में काफी इजाफा हुआ है।

चकरपुर स्थित सब्जी मंडी में दुकानदारों को 230 रुपये किलो दिया जा रहा है, इसके बाद ग्राहकों को बाजार में 250 से लेकर 300 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। हालांकि नींबू भी दो तरह के बाजार में बिक रहे हैं, पहला हरा नींबू जिसके दाम 250 और दूसरा पीला नींबू जो कि 300 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कंपनीबाग के सब्जी विक्रेता हर्ष ने बताया कि, “आज ही 1250 रुपये के 5 किलो नींबू खरीद कर लाया हूं, इसके बाद अब यही नींबू बाजार में महंगा बिकेगा, क्योंकि हमें भी अपनी गाड़ी, डीजल का खर्चा निकालना होगा।

एक हफ्ते से बढ़ रहे दाम

बीते एक हफ्ते में इन दामों में भारी इजाफा है और अन्य मंडियों में दुकानदारों के मुताबिक, आगामी कुछ दिनों तक नींबू के दामों में इसी तरह इजाफा होगा। नीबू की खेती करने वाले बिठूर निवासी किसान रामरतन बताते हैं कि, आजादी के बाद पहली बार नीबू के रेट अपने सबसे उच्चतम कीमत पर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि, मौसम में बदलाव के कारण इस वर्ष नींबू के दामों में उछाल आया है। वहीं दूसरे किसान रघुराज बताते हैं, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के चलते नीबू के रेट में बढ़ोतरी हुई है।

मौसम के परिवर्तन से कीमतों में आया उछाल

नीबू के तल्ख तेवर पर कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि, ऐसा मौसम में अचानक परिवर्तन आने से हुआ है। वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार मार्च के पहले सप्ताह में ही उत्तर भारत में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। मार्च के पहले पखवाड़े में ही नींबू में फूल आते हैं और फिर फ्रूट सेटिंग होती है। लेकिन इसके लिए तापमान 32 डिग्री से कम होना जरूरी होता है। तापमान अचानक बढ़ जाने से इस बार फ्रूट सेटिंग नहीं हो सकी और इस तरह से पेड़ों में फल नहीं आए। नतीजा सामने है, नींबू के पेड़ तो हैं पर उन पर फल नहीं आए और तरह नींबू की किल्लत पैदा होने के चलते नींबू के भाव आसमान छू रहे हैं और राष्ट्रीय विमर्श का विषय बने हुए हैं।

विटामिन सी का बड़ा स्रोत है नींबू

नींबू विटामिन सी का बड़ा स्रोत होता है। नींबू शरीर को हाइड्रेटेड रखने के साथ ही पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है। विटमिन सी से भरपूर नींबू का रस पीने से हृदय रोग होने का खतरा और दिल का दौरा पड़ने की संभावना कम हो जाती है। इसी के चलते लोग गर्मी के सीजन में नीबू की सेवन ज्यादा करते हैं। गीता नगर निवासी विपिन बताते हैं कि नीबू के रेट पहली बार बढ़े हैं। जिसके कारण हमने मंगलवार को 40 रुपये में दो नीबू खरीदे।

आम की कई वैरायटी बाजार आई

चकरपुर मंडी के आम दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष आम की कई वैरायटी आई हैं। जिनके रेट 50 से लेकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम हैं, जिन्हें फुटकार दुकानदार 90 से 100 रुपये किलो की दर से बेच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि, अभी आफ सीजन के चलते आम के रेट पिछले साल की तुलना में सस्ते हैं और ग्राहक खरीद भी रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष नीबू के कारोबार ने काफी नुकसान किया है। पर आम के रेट कम होने से उम्मीद है कि फलों के राजा की बिक्री से कुछ राहत जरूर मिलेगी।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular