वाराणसी (हि.स.)। मंडी शुल्क हटाने की मांग को लेकर रविवार को भी किराना व्यापारी आंदोलित रहे।
वाराणसी किराना व्यापार समिति (पंजीकृत) के बैनरतले मछोदरी विशेश्वरगंज के पास जुटे व्यापारियों ने मोटर साइकिल रैली निकाली। शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी बाइक रैली का समापन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरूधाम स्थित संसदीय कार्यालय पर हुआ। यहां नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्बोधित मांगों का ज्ञापन मौके पर मौजूद अफसर को सौंपा। समिति के महामंत्री अशोक कसेरा ने बताया कि खाद्य व्यापारियों पर मण्डी शुल्क समाप्त करने के सम्बन्ध में ज्ञापन सौंपा गया। रैली के जरिये व्यापारी समाज ने नव्य और भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के लिए अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी दिया।
बताया कि प्रधानमंत्री से मंडी शुल्क को हटाने की मांग की गई है। काफी लम्बे समय के संघर्ष के बाद 2020 में प्रदेश की भाजपा सरकार ने ही मण्डी शुल्क समाप्त किया था, जिसे अब पुनः मण्डी शुल्क 1 प्रतिशत और विकास सेस .50 प्रतिशत, कुल 1.50 प्रतिशत रूप में व्यापारियों पर लगाया गया है, जो सर्वथा अनुचित और अन्याय है। व्यापारी नेताओं का कहना है कि उत्तर प्रदेश से सटे अन्य प्रान्तों में मंडी शुल्क लागू नहीं किया गया है। मंडी शुल्क से उत्तर प्रदेश में खाद्यान्नों के मूल्यों में काफी बढ़ाव होगा और व्यापार प्रभावित होगा। भाजपा सरकार ने एक राष्ट्र, एक बाजार, एक टैक्स का वादा किया था। इसके दृष्टिगत पुनः मंडी शुल्क लगाना उचित नहीं है। सरकार इसे वापस ले । बाइक रैली में समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार पाण्डेय,अनूप कुमार जायसवाल, मुरली जायसवाल,आशीष अग्रवाल ,राजेश डोडवानी,संजय जायसवाल,सन्तोष केशरी, अभिषेक अग्रहरि,सुरेश केसरी, नारायण केशरी आदि शामिल रहे।
श्रीधर
