लखनऊ (हि.स.)। सुलतानपुर रोड स्थित महुरा कलां गांव में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण किया गया।
इस अवसर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि नया वर्ष उत्तर प्रदेश में बदलाव करेगा। इस बदलाव को किसान, नौजवान और व्यापारी सभी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलना चाहिए था लेकिन नहीं मिला। प्रदेश सरकार सिर्फ हर वर्ग से झूठ बोलती रही। अभी भी यह झूठ बोलने से बाज नहीं आ रहे हैं। जनता इनके झूठ से ऊब चुकी है। इसका जवाब आने वाले विधानसभा में देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि जैन समाज अल्पसंख्यक है। यह समाज मेहनती है। इस समाज का शोषण किया जा रहा है। छापे की कार्रवाई भी इसी शोषण का एक हिस्सा है।
कहा कि सपा की सरकार बनने पर हर समाज और हर वर्ग को साथ लेकर प्रदेश का विकास किया जाएगा। प्रदेश में जहां विकास होना चाहिए था वो पूरी तरह ठप दिखाई दे रहा है। लगभग साढ़े 4 साल से ज्यादा समय तक उत्तर प्रदेश की जनता को दु:ख तकलीफ और परेशानी मिली है।
उपेन्द्र
