लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस 04 जनवरी को विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान भाजपा सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सहारा इंडिया ग्रुप में छोटे-छोटे दुकानदार, रेहड़ी, ठेला-पटरी चलाने वाले गरीब, मध्यमवर्गीय मजदूर, महिलाएं, घरेलू काम करने वाली महिलाओं ने किस्तों में 10 रुपये से लेकर सैकड़ों रुपये तक का आवर्ती जमा (आरडी) खाता खुलवाया था। कई सारे लोगों ने फिक्स डिपॉजिट भी किया मगर मियाद पूरी होने के बावजूद उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। इन गरीबों ने अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और घर परिवार में किसी भी छोटे-बड़े काम के लिए पैसा जमा किया था, लेकिन अब वे सब लुटे हुए महसूस कर रहे हैं। इन कम्पनियों में बड़ी संख्या में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लोगों के पैसे फंसे हुए हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई डाटा या सूची नहीं है जिससे यह पता चल पाये कि प्रदेश के कितने लोगों का कितना पैसा फँसा है। प्रदेश का ऐसा कोई जिला, कस्बा, गांव अछूता नहीं है, जहां ग़रीब और सामान्य लोगों का पैसा सहारा में न फंसा हो। गरीब लोग रोज बैंकों का चक्कर लगा रहे हैं, मियादें पूरी हो गई हैं पर पैसा नहीं मिला है।
बृजनन्दन
