Monday, May 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाहुबली मुख्तार की बहू निकहत चित्रकूट जेल गेट से गिरफ्तार

बाहुबली मुख्तार की बहू निकहत चित्रकूट जेल गेट से गिरफ्तार

– डीएम-एसपी ने छापा मारकर जिला कारागार से निकहत अंसारी को दबोचा, पूछताछ जारी

– गुचचुप तरीके से मुलाकात कराने के मामले में जेलर पर गिर सकती है गाज

चित्रकूट(हि.स.)। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुंदेलखंड की सबसे हाईटेक जिला कारागार चित्रकूट में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी से गुपचुप तरीके से मिलने उसकी पत्नी निकहत अंसारी को पुलिस ने जेल के गेट के पास गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं। पुलिस ने बाहुबली मुख्तार की बहू निकहत का मोबाइल जब्त कर लिया है और कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसपी वृंदा शुक्ला का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा।

बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास को मनी लॉंड्रिंग के मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। बीते 18 नवंबर 2022 को प्रयागराज के सेंटर जेल से उसे हाई सिक्योरिटी जेल रगौली भेजा गया था। अब्बास से मिलने के लिए उसके परिजन चित्रकूट में डेरा डाले हुए थे और लगातार नए-नए तरीके से अब्बास से मिलने की कोशिश कर रहे थे। अब्बास की पत्नी निकहत अपने पति से मिलने जेल पहुंची। तभी भनक लगते ही जिलाधिकारी अभिषेक आनंद और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने आनन-फानन में वहां पहुंचकर निकहत को गिरफ्तार कर लिया।

निकहत अंसारी के मामले में जिला कारागार चौकी प्रभारी श्याम देव सिंह ने विधायक अब्बास अंसारी, पत्नी निकहत अंसारी, चालक नियाज और जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर, डिप्टी जेलर सुशील कुमार, जेल के सिपाही जगमोहन समेत कई कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि जिला कारागार में अवैध रूप से बिना सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज किए अब्बास अंसारी से उसकी पत्नी की मुलाकात करायी जाती रही थी। इस प्रकरण में एसपी ने जांच कर आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दिए जाने की बात कही है। माना जा रहा है घोर लापरवाही और संवेदनहीन कार्यशैली के चलते जेलर के साथ-साथ कई जेल कर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है। उल्लेखनीय है कि जिला जेल में पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।

रतन

RELATED ARTICLES

Most Popular