Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफीस वृद्धि के खिलाफ आन्दोलनरत इलाहाबाद विवि के छात्रों से मिला कांग्रेस...

फीस वृद्धि के खिलाफ आन्दोलनरत इलाहाबाद विवि के छात्रों से मिला कांग्रेस व एनएसयूआई का प्रतिनिधिमंडल

वाराणसी (हि.स.)। चार सौ प्रतिशत फीस वृद्धि के खिलाफ आन्दोलनरत इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों से मिलने के लिए कांग्रेस और एनएसयूआई पूर्वी जोन के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को वाराणसी से प्रयागराज पहुंचा। धरनारत छात्रों को समर्थन देकर प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चैबे ने केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

नेताओं ने कहा कि विवि प्रशासन शासन के इशारे पर छात्रों का दमन कर रहा है। इस पूरे प्रकरण की जानकारी पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के आन्दोलनरत छात्र महात्मा गांधी को याद करते हुए उनकी तस्वीरों को लेकर बैठे हैं। यह छात्रों के आत्मबल को और मजबूत करता है। फीस वृद्धि की जितनी निंदा की जाए कम है। फीस वृद्धि से आमजन ग्रामीण परिवेश से आने वाले ज्यादातर छात्र शिक्षा से वंचित रह जाएंगे। विश्वविद्यालय ही वह स्थल है जहां एक छोटे से कमरे में रहकर एक सीमित खर्च में गरीब का बच्चा भी आईएएस और पीसीएस बनने का ख्वाब देखता है। सरकार और विवि इस परिपाटी को ही बंद कर देना चाहते हैं। जब एक केंद्रीय विश्वविद्यालय से धन वसूली ही करना है तो वेलफेयर स्टेट का मतलब क्या रह जाता है। शिक्षा क्या अमीर गरीब के लिए अलग बनी है। प्रतिनिधिमंडल में राजीव गौतम, चंचल शर्मा, रोहित दुबे, अनुभव राय, विनय सिंह, प्रिंस चौबे आदि शामिल है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular