फतेहपुर(हि.स.)। जिले में बीती रात चोर किसान के घर का ताला तोड़कर नगदी व जेवरात सहित करीब छह लाख का कीमती सामान चोरी कर ले गए। गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी बुधई यादव किसान है। बुधई का छोटा पुत्र धर्मवीर दुबई में रहकर नौकरी करता है। उसकी शादी 16 फरवरी को हुई थी। बड़ा बेटा धर्मेंद्र घर में रहकर पिता के साथ खेती किसानी करता है। बुधई ने बताया कि बीती रात घर के बाहर बाउंड्री वॉल को फांदकर चोर अंदर प्रवेश करके घर के अंदर बने कमरे का ताला तोड़ा। कमरे के अंदर छोटे, बड़े बक्सों का ताला तोड़कर दोनों बहुओं के जेवरात दो सेटों में एक हार, पायल, मंगलसूत्र, जंजीर, छह अंगूठी, झाला, बेंदी आदि चोरी कर ले गए। ट्रैक्टर की किस्त देने व गेहूं मड़ाई के लिए डीजल लाने के लिए बक्से में रखे दो लाख रुपए नगद भी चोरी कर ले गए। बुधई के अनुसार चार लाख के जेवर व नगदी सहित छह लाख की चोरी हुई है। घटना के समय परिवार घर के बाहर सोया हुआ था।
घटना की जानकारी होने पर पी आर वी मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी अर्जुन ने मौके का निरीक्षण कर घटना सके साक्ष्य जुटाये। थानाध्यक्ष अनुरुद्ध कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जायेगा।
देवेन्द्र
