Monday, September 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी को बनाया रालोद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी को बनाया रालोद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

मेरठ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नामित किया है। उन्होंने कहा कि शाहिद सिद्दीकी के उपाध्यक्ष बनने से पार्टी में एकता व भाईचारे को मजबूती मिलेगी। पार्टी अपने लक्ष्यों को तेजी से प्राप्त कर सकेगी।

रालोद के राष्ट्रीय मीडिया कॉर्डिनेटर सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शाहिद ने इसके लिए पार्टी अध्यक्ष व पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है उसको वे पूरी तन्मयता के साथ निभाएंगे। हम किसानों के अधिकारों की लड़ाई, नौजवानों के लिए रोजगार की लड़ाई, महिलाओं की सुरक्षा, अल्पसंख्यकों के विकास, सम्पूर्ण समाज की एकता व विकास के लिए पूरी जिम्मेदारी तथा एकजुटता से परिश्रम करेंगे। इस लड़ाई को सड़कों पर लड़ेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि योगी सरकार किसान विरोधी, जनविरोधी और गरीब विरोधी सरकार है। इसे सत्ता में बने रहने का अब कोई अधिकार नहीं है। 2022 को हम मुक्ति दिवस के रूप में मनाएंगे।

शाहिद के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के परिवार से पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। चौधरी अजित सिंह के साथ भी उनके मधुर सम्बंध रहे हैं। शाहिद ने चौधरी जयंत सिंह के साथ मिलकर 2016 में सामाजिक एकता मंच की स्थापना की थी तथा तभी से मिलकर भाईचारा सम्मेलन करते आ रहे हैं। उन्होंने समाज को जोड़ने का कार्य किया है। इससे पहले शाहिद सिद्दीकी नौ वर्ष तक समाजवादी पार्टी में महासचिव रहे हैं तथा राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular