पंजाब में चल रहे किसान आन्दोलन की वजह से कई ट्रेनों का निरस्तीकरण शुक्रवार तक बढ़ा

लखनऊ (हि.स.)। पंजाब में चल रहे किसान आन्दोलन की वजह से 04 नवम्बर तक रद्द ट्रेनों का  निरस्तीकरण अब शुक्रवार तक बढ़ा दिया गया है। गुरुवार को किसान संगठनों से वार्ता विफल होने पर रेलवे बोर्ड ने आनन-फानन में ट्रेनों के निरस्तीकरण का आदेश जारी किया है। 
आदेश के मुताबिक, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस गुरुवार को निरस्त रही है। शुक्रवार को यह स्पेशल ट्रेन चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए नहीं चलेगी। गोरखपुर- चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को लखनऊ नहीं आएगी। ट्रेन नम्बर 03256 पाटलिपुत्र- चंडीगढ़ एक्सप्रेस और जम्मू- हावड़ा हिमगिरि भी शुक्रवार को लखनऊ नहीं आएगी। वहीं बीच रास्ते में भी कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इनमें धनबाद- फिरोजपुर गंगा सतलज शुक्रवार सुबह अम्बाला पहुंच कर निरस्त हो जाएगी। गंगा सतलज एक्सप्रेस शुक्रवार को फिरोजपुर से अम्बाला के बीच निरस्त रहेगी। यह ट्रेन अम्बाला से ही लखनऊ की ओर रवाना होगी। 
जयनगर- अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को अम्बाला में निरस्त रहेगी। वहीं शुक्रवार को शहीद एक्सप्रेस अमृतसर की जगह अम्बाला से लखनऊ की ओर आएगी। बेगमपुरा एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को सहारनपुर से चलेगी। डिब्रूगढ़- अमृतसर एक्सप्रेस को रोहतक, भिवानी और हिसार होकर चलाया जाएगा। ट्रेनों के रद्द होने की विस्तृत सूची शुक्रवार को जारी होगी। 

error: Content is protected !!