Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनौ सालों में देश का अभूतपूर्व विकास हुआ : डॉ धन सिंह...

नौ सालों में देश का अभूतपूर्व विकास हुआ : डॉ धन सिंह रावत

बस्ती (हि.स.)। बीते नौ सालों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखा है। देश के सभी नागरिक इस अभूतपूर्व विकास के साक्षी बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है एवं विश्व को मार्ग दिखा रहा है।

यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्किट हाउस के सभागार में शुक्रवार को उत्तराखंड सरकार के चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, सहकारिता, उच्च शिक्षा, विद्यालय शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कही।

विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बस्ती राकेश सचान ने कहा कि शताब्दी का सबसे बड़ा आविष्कार वैक्सीन है जबकि सबसे घटिया बयान अखिलेश यादव का, इसे भाजपा की वैक्सीन बताने वाला रहा। कोरोना काल में 220 करोड़ देशवासियों को मुफ्त वैक्सीन लगाई गई। इन नौ वर्षों में 3.5 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्का घर दिलवाया गया। 11.72 करोड़ इज्जत घरों का निर्माण कर देश की मां, बेटियों की इज्जत, सुरक्षा और स्वाभिमान बढ़ाया गया। नल से जल योजना के तहत 12 करोड़ घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया। देश की माता एवं बहनों को धुएं से होने वाली बीमारियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9.6 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। विश्व का सबसे बड़ा स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम “आयुष्मान भारत” के तहत पांच लाख तक की मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

एम्स के मामले में उन्होंने कहा कि 2014 तक देश में सात एम्स थे जबकि पिछले नौ वर्षों में 15 नए एम्स बने। 2014 तक देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या 641 था जबकि पिछले नौ वर्षों में 700 नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए। उन्होंने कहा कि 2014 तक 82466 मेडिकल सीटें थी जबकि पिछले नौ साल में नई 69663 सीटें बढ़ाई गई। देश में 2014 तक 16 आईआईटी थे जबकि पिछले नौ वर्षों में सात नए आईआईटी बनाए गए। 2014 तक आईआईएम की संख्या 13 थी जबकि पिछले नौ वर्षों में सात नए आईआईएम बनाए गए। इसी तरह 2014 तक देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 723 थी जबकि पिछले नौ वर्षों में 390 नए विश्वविद्यालय बनाए गए। देश में विश्व का पहला लिक्विड नैनो यूरिया प्लांट लगाया गया।

भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती जनपद में अनेकों विकास कार्य हुए हैं इनमें मेडिकल कॉलेज का निर्माण अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण, वर्षों से खराब पचपेड़ीया मार्ग का निर्माण, मुंडेरवा में चीनी मिल का संचालन, बस्ती रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण, लुम्बिनी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण, राम जानकी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर निर्माण कार्य, रिंग रोड हेतु प्रथम चरण में 1138 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति, सांसद निधि से चार इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।

महेंद्र/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular