बलिया (हि. स.)। पेपर लीक मामले में गिरफ्तार पत्रकारों की रिहाई को लेकर जिले के पत्रकारों ने आंदोलन तेज कर दिया है। पत्रकारों ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। शहर के चौक से ताली और थाली बजाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपनी आवाज बुलंद की।
पत्रकारों को ताली और थाली लेकर सड़क पर उतरे हुए देख लोग हतप्रभ थे। पत्रकार जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे। ताली-थाली प्रदर्शन में पत्रकारों को अधिवक्ता, छात्र, व्यापारी, समाजसेवी व रसोइया संघ का भी समर्थन मिला। पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह भी पत्रकारों के समर्थन में सड़क पर उतरे। प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने कहा कि पेपर लीक मामले में पत्रकारों को फर्जी तरीके से जेल भेजने पर जनता में भारी आक्रोश है।
कलेक्ट्रेट पहुंचीं रसोइयों ने कहा कि यदि पत्रकारों की रिहाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी को रसोइया संघ ने चूड़ियां पहनाने का फैसला लिया है। इस दौरान अखिलानंद तिवारी, मनोज चतुर्वेदी, संजय तिवारी, मुकेश मिश्रा, श्रवण पाण्डेय, संदीप सौरभ, विक्की, आसिफ जैदी, मुशीर जैदी, राजेश ओझा आदि उपस्थित थे।
पंकज
