Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडेंगू से दो की मौत,संक्रमितों की संख्या पहुंची 506

डेंगू से दो की मौत,संक्रमितों की संख्या पहुंची 506

कानपुर (हि.स.)। जिले में डेंगू बुखार ने तेजी से पांव पसार दिए हैं। बीते चौबीस घंटे के दौरान 35 रोगी डेंगू पीड़ित सामने आए हैं। 11 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दो लोगों की जान चली गई है।

कानपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आलोक रंजन का कहना है कि प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हो रही है। लोगों से अपील है कि वे डेंगू बुखार के संक्रमण से बचने के लिए समुचित उपाय करें।

डेंगू ने ली किशोर की जान

शास्त्रीनगर रामलीला ग्राउंड के रहने वाले 12 वर्षीय स्वरित त्रिपाठी को दो दिन से बुखार आ रहा था। शनिवार को उसकी हालत खराब होती देख परिजनों ने उसे रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी उपचार के दौरान जान चली गई। उसे डेंगू हैमरेजिक शॉक था, उसकी प्लेटलेट पांच हजार तक पहुंच चुकी थी, जिसके चलते पल्मोनरी ब्लीडिंग शुरू हुई और मल्टीपल ऑर्गन फेल हो गए।

इसी तरह बिल्हौर के भीटी हवेली गांव निवासी मुकेश कटियार (45) खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता था। मुकेश कटियार 29 अक्टूबर को बुखार से संक्रमित हो गया। हालत खराब होती देख परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई तो परिजन उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन सुधार न होने पर परिवार के लोग उसे लखनऊ ले गए, जहां उसकी सांस थम गई। वहीं दूसरी तरफ उसकी पत्नी भी डेंगू बुखार से ग्रसित है।

शहर व ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में डेंगू के मरीज

सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक हैं, जिसमें कई गंभीर बताए जा रहे हैं। हालत यह हो चुकी है कि हैलट के वार्ड फुल हो चुके हैं। बुखार-डेंगू के मरीज लगातार आ रहे हैं, इसलिए डॉक्टरों ने सर्जरी के वार्डों को भी खाली करने का प्रस्ताव किया है। ओपीडी में भी मरीजों की लाइने लगी हुई है।

जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज की उप प्राचार्य प्रो. रिचा गिरि के मुताबिक मरीजों की भीड़ के चलते वार्ड फुल होते जा रहे हैं। उर्सला अस्पताल की ओर से जारी रिपोर्ट में रीजेंसी में 10, केएमसी में 2, कांशीराम में 6, उर्सला में 6 और सरसौल सीएचसी में 10 और एसआईएस हॉस्पिटल में 1 मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 506 पहुंच गई है।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular