झूठ और धोखाधड़ी भाजपा की राजनीति के मुख्य हथियार-अखिलेश

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि झूठ और धोखाधड़ी भाजपा की राजनीति के मुख्य हथियार बन गए हैं। सच पर पर्दा डालने और जनता को बहकाने के लिए नए-नए प्रपंच रचने में उसका दूसरा सानी नहीं है। 
उन्होंने बुधवार को अपने बयान में कहा कि किसान बेहाल है, भाजपा सरकार उसको भ्रमित करने के लिए पूरा जोर लगाए हुए है जबकि प्रदेश ही नहीं देश भर में कृषि कानून को लेकर व्यापक जनाक्रोश है। महिलाओं और बच्चियों के लिए तो उत्तर प्रदेश असुरक्षित जंगल हो गया है। भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री प्रदेश की बढ़ती बदनामी से बेखबर अपने मुंह से अपनी प्रशंसा करने में ही मगन है। 
उन्होंने कहा कि किसान पर भाजपा सरकार की चौतरफा मार पड़ रही है। एक ओर कृषि कानून लाकर उसको अपनी खेती से विस्थापित करने की साजिश है तो दूसरी तरफ धान खरीद का भी थोथा सरकारी प्रचार होने लगा है। किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य तो मिलने से रहा, सरकारी खरीद एजेंसियां ही किसान को लौटा रही है। आजमगढ़ में धान खरीद का शासनादेश न होने से किसान परेशान तो झांसी में सरकारी एजेंसियों ने धान खरीद से ही इनकार कर दिया है। बागपत में मंडियों में किसान को वाजिब दाम नहीं मिल रहा है, उसे लूटा जा रहा है।
अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा की जिम्मेदार पुलिस खुद महिलाओं के प्रति अत्याचार का दूसरा नाम बन गई है। गोरखपुर तो मुख्यमंत्री का गृह जनपद है वहां भी बेटियां-बहनें सुरक्षित नहीं। गगहा में छेड़खानी से पीड़ित युवती ने खुदकुशी की तो कैण्ट स्थित अस्पताल में मृत महिला के कान से टाप्स खींचने की घटना हुई। हमीरपुर के पुलिस थाने में महिला की पिटाई की गई। 
उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार जाति-धर्म के आधार पर निर्णय करती है। उसकी रुचि नफरत फैलाने में है। भाजपा की राज्य सरकार ने 1090 और यूपी डायल-100 सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। भाजपा को जनता के कल्याण और उसकी सुरक्षा में जरा भी दिलचस्पी नही है। वह कारपोरेट को ज्यादा से ज्यादा फायदा पहुंचाने की तिकड़म में ही लगी रहती है। 

error: Content is protected !!