– जगह-जगह जर्जर सड़कों से वाहन सवार रोजाना हो रहे चुटहिल
कानपुर (हि.स.)। जलभराव और गंदगी की वजह से बीमारियां भयंकर रूप से पूरे शहर में दस्तक दे रही है। कई मौतें इसके कारण हो चुकी हैं, आगे भी आशंका बनी हुई है। नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हालात बद से बदतर हो रहे हैं, उचित इलाज की व्यवस्था का सर्वथा अभाव है। शहर में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और सफाई व्यवस्था युद्धस्तर पर करने की जरूरत है। साथ ही जगह जगह जर्जर सड़कों से वाहन सवार रोजाना चुटहिल हो रहे हैं। यह बातें शनिवार को पूर्व सांसद सुभाषिनी अली ने जिलाधिकारी से कही।
संयुक्त विपक्षी मोर्चा के तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व सांसद सुभाषिनी अली के नेतृत्व में कानपुर नगर की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर से मिला। नगर की ज्वलंत समस्याओं का एक ज्ञापन भी दिया गया। जिसमें जलभराव से होने वाली परेशानियों और उससे उठने वाली बीमारियों के सम्बंध में तथा नगर निगम चुनाव को देखते हुए वोटर लिस्ट ठीक कराने और वार्ड में मतदाता कैंप लगाने पर बात रखी। नगर की जगह-जगह जर्जर सड़कों को अविलम्ब ठीक कराये जाने पर जोर दिया गया। महंगी बिजली प्रीपेड स्मार्ट मित्रों की शिकायत भी की गई। कहा गया कि पेयजल में सीवर का गंदा पानी आने से बीमारियां फैल रही है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की हालत बद से बदतर। कीटनाशक दवाइयों के छिड़काव में प्राथमिकता देने और नगर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए बात रखी गई। बताया गया कि राशन की दुकानों में बड़ी संख्या में गरीब वर्ग के राशन कार्डों को रद्द किया जा रहा है। राशन की दुकानों को विभाग द्वारा वस्तुओं की आपूर्ति पूरी ना होने के कारण दुकानदार वस्तुओं की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। महंगाई ने जनता को भूखे पेट रहने को मजबूर कर दिया है।
मांग की गई कि नगर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर अंकुश लगाने की जरूरत है ताकि सामान्य नागरिक अपने को सुरक्षित महसूस कर सकें। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी बिन्दुओं पर विचार किया जाएगा और जमीनी स्तर पर कार्य होंगे। इस दौरान सुरेश गुप्ता, श्याम देव सिंह, नरेंद्र कुशवाहा चंचल, डॉ.इमरान, नरेंद्र सिंह पिंटू ठाकुर, अशोक तिवारी, मोहम्मद उस्मान, प्रदीप यादव, आर.पी.कनौजिया, प्रशस्त धीर, मोहम्मद इरफान, सीमा कटियार, उमाकांत और मोहम्मद वसी आदि मौजूद रहे।
महमूद
